विज्ञापन

राजस्थान में शहजाद भट्टी नेटवर्क पर बड़ा एक्शन, ATS के इनपुट पर बॉर्डर से 10 युवक हिरासत में, जांच जारी

राजस्थान के श्रीगंगानगर में एटीएस के इनपुट पर पुलिस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के सोशल मीडिया नेटवर्क से जुड़े 10 युवाओं को हिरासत में लिया. पूछताछ के बाद उनके मोबाइल जब्त कर उन्हें कड़ी निगरानी में रखा गया है.

राजस्थान में शहजाद भट्टी नेटवर्क पर बड़ा एक्शन, ATS के इनपुट पर बॉर्डर से 10 युवक हिरासत में, जांच जारी
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के सोशल मीडिया नेटवर्क से जुड़े 10 युवाओं को हिरासत में लिया.

Rajasthan News: भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे राजस्थान के जिलों में आंतरिक सुरक्षा को लेकर एक बहुत बड़ी और सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश हुआ है. पाकिस्तान का कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी अब सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को अपना निशाना बना रहा है. एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) से मिले इनपुट के बाद श्रीगंगानगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 युवाओं को हिरासत में लिया. हालांकि गहन पूछताछ के बाद इन्हें अभी छोड़ दिया गया है लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं.

सोशल मीडिया पर 'अमीर बनने का शॉर्टकट' 

जांच में यह बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहा है. वह सीमावर्ती जिलों के सीधे-साधे युवाओं को सोशल मीडिया पर जोड़ता है और उन्हें जल्दी व आसानी से अमीर बनने का सपना दिखाता है.

सुरक्षा एजेंसियों को अंदेशा है कि भट्टी ने राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और यूपी में अपना एक बड़ा 'स्लीपर सेल नेटवर्क' खड़ा कर लिया है. इन युवाओं को देश विरोधी गतिविधियों के लिए उकसाया जाता है और हवाला के जरिए उन तक मोटी रकम पहुंचाई जाती है ताकि वे भारत में किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकें.

हिरासत में लिए गए युवा

श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एटीएस के पुख्ता इनपुट के बाद जिले के अलग-अलग इलाकों से 10 संदिग्ध युवकों को डिटेन किया गया था. शुरुआती जांच में सामने आया कि ये सभी लड़के सोशल मीडिया पर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे. पूछताछ के बाद फिलहाल इन्हें छोड़ दिया गया है लेकिन पुलिस ने इनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं. मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल्स और इनके सोशल मीडिया अकाउंट्स की फोरेंसिक जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि भट्टी इनके जरिए क्या साजिश रच रहा था.

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी

सुरक्षा एजेंसियां पिछले कुछ समय से भट्टी के इस नेटवर्क को तोड़ने में लगी हैं. इसी सिलसिले में 26 मार्च को लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र के केरा चक गांव से आकाशदीप नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया गया था. वह भी इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए सीधे पाकिस्तानी गैंगस्टर से जुड़ा था और उसके दम पर गांव के लोगों को डरा-धमका रहा था. फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के लिए हाई अलर्ट पर हैं.

यह भी पढ़ें- राजस्थान क्रिकेट में बदलाव की सुगबुगाहट, मंत्री बोले- सरकार की दखलअंदाजी नहीं, जिला संघ मिलकर जल्द कराएं चुनाव

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close