राजस्थान में नागौर जिले का मायरा एक बार फिर से चर्चा में है. इस बार चार भाइयों ने मिलकर 1.5 करोड़ रुपये का मायरा भरा है. जानकारी के अनुसार, भाइयों ने 21 लाख रुपये नकद, 25 बीघा जमीन, 7 बरी सोना और 21 बरी चांदी मायरे में दी गई है. एक करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक का भरा गया मायरा अब सुर्खियों में है. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. '
4 भाइयों ने मिलकर भरा मायरा
जानकारी के अनुसार, जायल उपखण्ड के चार भाइयों ने अपनी इकलौती बहन के चार बच्चों की शादी में 1.5 करोड़ का मायरा भरा है. सुरजाराम सियाग की बेटी रामी देवी के बच्चों के शादी के मौके पर उनके चार भाइयों गंगाराम, शिवलाल, खीयाराम और श्रवणराम ने मिलकर एक ऐतिहासिक मायरा भरा है जिसकी कुल कीमत 1 करोड़ 51 लाख रुपये आंकी जा रही है.
भाइयों ने अपनी बहन के प्रति स्नेह व्यक्त करते हुए उपहारों की झड़ी लगा दी, जिसमें 21 लाख 51 हजार रुपये की नकद राशि के साथ ही 25 बीघा खेती योग्य जमीन भी बहन के नाम कर दी गई. इसके अतिरिक्त आभूषणों में 7 बरी सोना और 21 बरी चांदी भेंट की गई है, जबकि टीके की रस्म में 51 हजार रुपये दिए गए.
13 अप्रैल को हुई थी शादी
मायरा जायल उपखण्ड के श्यामपुरा से छिला गया. मायरा भरने वाले चारों भाई किसान हैं. यह मायरा 13 अप्रैल को भरा गया था, लेकिन इसके वीडियो अब सामने आ रहे हैं. रामी देवी के दो बेटों और दो बेटियों की एक साथ ही 13 अप्रैल को शादी थी. इसी दिन यह मायरा भी भरा गया. इस शादी की सबसे बड़ी खास बात यह भी है कि इन चारों भाई बहनों की शादी जिनसे हुई है, वह भी चारों भाई बहन है. दो बहनों की बारात नजदीकी ग्राम साधुना से आई और दोनों भाइयों की बारात भी उसी गांव उसी घर में गई.
यह भी पढे़ं-
4 साल की बच्ची का रेप कर सब इंस्पेक्टर ने शर्मसार की खाकी वर्दी , अब जेल में गुजरेगी पूरी जिंदगी