विज्ञापन

गंगापुर सिटी में 'कचरा संकट', 3 करोड़ का भुगतान अटका तो कंपनी ने खड़े किए हाथ, अब घर-घर लगेगा कूड़े का ढेर

कंपनी ने साफ कर दिया है कि 15 अप्रैल से काम बंद होने की पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन की होगी. जब तक बकाया भुगतान का ठोस समाधान नहीं निकलता, गाड़ियां सड़कों पर नहीं उतरेंगी.

गंगापुर सिटी में 'कचरा संकट', 3 करोड़ का भुगतान अटका तो कंपनी ने खड़े किए हाथ, अब घर-घर लगेगा कूड़े का ढेर
गंगापुर सिटी अलर्ट: आज से नहीं आएगी कचरा गाड़ी, नगर परिषद की लापरवाही से शहर में लगा गंदगी का ढेर
NDTV Reporter

Sawai Madhopur News: राजस्थान के सवाई मोधापुर जिले की गंगापुर सिटी में स्वच्छता व्यवस्था अब पूरी तरह राम भरोसे नजर आ रही है. शहर में घर-घर कचरा उठाने वाली कंपनी 'नागेंद्र राय प्राइवेट लिमिटेड' ने नगर परिषद पर करोड़ों का भुगतान न करने का आरोप लगाते हुए 15 अप्रैल से काम पूरी तरह बंद कर दिया है. कंपनी के इस कड़े फैसले के बाद शहर की गलियों और मुख्य सड़कों पर गंदगी के ढेर लगने शुरू हो गए हैं. आलम यह है कि पहले ही दिन 20 से ज्यादा ऑटो टीपर (कचरा गाड़ियां) ठप हो गए, जिससे शहर की रफ्तार थम सी गई है.

12 महीने से नहीं मिला पैसा, करीब 3 करोड़ का बकाया

कंपनी के मुताबिक, वह पिछले लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रही है. आंकड़ों की मानें तो मार्च 2025 से मार्च 2026 तक के पूरे 12 महीनों का भुगतान नगर परिषद ने अटका रखा है. यह बकाया राशि करीब 2 करोड़ 97 लाख 52 हजार 580 रुपए पहुंच चुकी है. कंपनी प्रतिनिधि राजवीर सिंह ने बताया कि शहर के 1 से 60 वार्डों में वे पूरी निष्ठा से काम कर रहे थे, लेकिन बिना पैसे के गाड़ियों का डीजल और कर्मचारियों का वेतन देना अब नामुमकिन हो गया है.

नियमों की अनदेखी का आरोप

राजवीर सिंह ने नगर परिषद प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के अन्य शहरों में स्वच्छता से जुड़े भुगतान नियमित हो रहे हैं, लेकिन गंगापुर सिटी में ही पक्षपात किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि नियमों के अनुसार 15वें वित्त आयोग की अनुदान राशि का 50 प्रतिशत हिस्सा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Waste Management) पर खर्च करना अनिवार्य है. इसके बावजूद नगर परिषद का रवैया उदासीन बना हुआ है. 

कंपनी का कहना है कि उन्होंने कई बार कार्यवाहक आयुक्त और एसडीएम को शिकायत दी, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ हाथ नहीं लगा.

धार्मिक नगरी में बदबू और गंदगी का बोलबाला

कचरा संग्रहण बंद होते ही शहर की तस्वीर बिगड़ने लगी है. बुधवार सुबह जब लोगों के घरों के बाहर 'कचरा गाड़ी' नहीं पहुंची, तो लोग सड़कों पर कचरा फेंकने को मजबूर हो गए. देखते ही देखते मोहल्लों में बदबू फैलने लगी और गंदगी का अंबार लग गया. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भीषण गर्मी के मौसम में अगर कचरा नहीं उठा, तो शहर में बीमारियां फैलने का बड़ा खतरा पैदा हो जाएगा.

पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद की: कंपनी

कंपनी ने साफ कर दिया है कि 15 अप्रैल से काम बंद होने की पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन की होगी. जब तक बकाया भुगतान का ठोस समाधान नहीं निकलता, गाड़ियां सड़कों पर नहीं उतरेंगी. 

ये भी पढ़ें:- दूध कारोबार में तरक्की देख साथी व्यापारी को होने लगी जलन, 1 लाख की सुपारी देकर मुंबई से बुलाया शूटर और फिर...

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close