विज्ञापन

राजस्थान के खान विभाग को निर्देश, 7 दिन में 1550 करोड़ के राजस्व संग्रह का लक्ष्य पूरा करें

23 मार्च तक विभाग ने 12 प्रतिशत की विकास दर के साथ 9620 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व संग्रहित कर लिया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक है.

राजस्थान के खान विभाग को निर्देश, 7 दिन में 1550 करोड़ के राजस्व संग्रह का लक्ष्य पूरा करें
फाइल फोटो

Rajasthan News: अतिरिक्त मुख्य सचिव खान एवं पेट्रोलियम अपर्णा अरोरा ने मंगलवार (24 मार्च) को खान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी सात दिनों में मार्च माह के 1550 करोड़ रुपये के निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत राजस्व संग्रहण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी और सभी संभावित स्रोतों से प्रभावी वसूली की जाए.

सचिवालय से हाइब्रिड मोड पर आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अवैध खनन पर कार्रवाई के दौरान वसूले जाने वाले जुर्माने, आरसीसी और ईआरसीसी ठेकों की नीलामी, देय रॉयल्टी की वसूली, पुरानी और वर्तमान बकाया राशि की रिकवरी पर विशेष जोर दिया. साथ ही एसएमई स्तर पर रोजाना समीक्षा, विश्लेषण और मार्गदर्शन के निर्देश भी दिए गए.

 9620 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व संग्रहित

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि 23 मार्च तक विभाग ने 12 प्रतिशत की विकास दर के साथ 9620 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व संग्रहित कर लिया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक है. उन्होंने कहा कि खान विभाग राज्य सरकार के प्रमुख राजस्व देने वाले विभागों में शामिल है, इसलिए लक्ष्य हासिल करना प्राथमिकता है.

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आगामी दिनों में राजस्व संग्रहण के साथ-साथ अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई और ठेकों की समय पर नीलामी सुनिश्चित की जाए.

इस दौरान अतिरिक्त निदेशक महेश माथुर ने विभागीय रोडमैप और राजस्व वसूली की प्रगति की जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि मार्च के निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा कर लिया जाएगा. बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया.

यह भी पढ़ेंः हनुमान बेनीवाल ने उठाया किसानों की कर्ज माफी का मुद्दा, कहा- वित्त विधेयक उम्मीद पर खरा नहीं उतर रहा

    Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

    फॉलो करे:
    Close