Rajasthan News Live Updates, 24 february 2026: विधानसभा सत्र के दौरान आज भाजपा विधायक दल की बैठक सुबह 10 बजे पक्ष लॉबी में होगी. सत्र के दौरान सदन की रणनीति तय करने के लिए यह बैठक हर मंगलवार को आयोजित की जाती है. आज आधी रात से निजी बस संचालकों ने हड़ताल का बिगुल फूंक दिया है. पूरे प्रदेश की 35,000 बसें सड़कों से नदारद रहेंगी.
श्रीगंगानगर में माकपा के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल का बीती रात 94 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने रात 10 बजकर 58 मिनट पर टांटिया अस्पताल में अंतिम सांस ली. वे पिछले तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थे. हीमोग्लोबिन की कमी के चलते उन्हें भर्ती करवाया गया था. ब्लड ट्रांसफ्यूजन के बाद उनकी हालत बिगड़ी और उन्हें हैवी निमोनिया हो गया.
जयपुर में भजनलाल सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 21 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए. इस फेरबदल में जोधपुर के पुलिस कमिश्नर और जयपुर के स्पेशल पुलिस कमिश्नर बदले गए हैं. एसओजी के आईजी शरत कविराज को जोधपुर का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है.
राजस्थान में बीते चौबीस घंटे में कहीं कहीं हल्की बारिश हुई. मौसम केंद्र जयपुर ने यह जानकारी दी. मौसम केंद्र के अनुसार, सोमवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश हुई. सर्वाधिक 5.0 मिलीमीटर बारिश चोमू में दर्ज की गई. इसके अलावा टोंक के वनस्थली में बूंदाबांदी हुई.
झीलों की नगरी उदयपुर में साउथ सिनेमा (कॉलिवुड) की सबसे चहेती जोड़ी, रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा, (Rashmika Mandana And vijay Deverkonda) अपनी जिंदगी के नए सफर की शुरुआत इसी मरूधरा की गोद में करने जा रहे हैं. दूल्हा-दुल्हन झीलों के शहर पहुंच चुके हैं. 26 फरवरी का शादी के लिए रस्में 24 फरवरी से शुरू होने वाली है.
राजस्थान की पल-पल की ख़बरों पर नज़र रखने के लिए देखिए NDTV राजस्थान टीवी का लाइव प्रसारण -
Rajasthan Breaking Live: राजस्थान विधानसभा में 24 फरवरी को दिन भर क्या हुआ
राजस्थान विधानसभा में शून्यकाल के दौरान गैंगस्टरों के व्यापारियों और आम लोगों को दी जा रही धमकियों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा.
निर्दलीय विधायक रवींद्र सिंह भाटी ने सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि गैंगस्टरों का एनकाउंटर जरूरी है.
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने जवाब में कहा कि वर्तमान सरकार ने गैंगस्टरों पर प्रभावी अंकुश लगाया है और पिछली सरकार के समय जंगलराज था.
इस बयान पर विपक्ष ने कड़ा विरोध जताया और सदन में हंगामा हुआ.
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने रंगदारी के मुद्दे पर सदन में चर्चा की मांग की, जिस पर स्पीकर ने आधे घंटे की चर्चा का आश्वासन दिया.
महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट पर खर्च को लेकर डिप्टी सीएम दीया कुमारी और टीकाराम जूली के बीच बहस हुई.
जूली ने 100 करोड़ के बजट में से दो साल में केवल लगभग 2 लाख रुपये खर्च होने पर सवाल उठाए.
आज ऊर्जा और खाद्य विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा हुई.
भाजपा विधायक पब्बाराम बिश्नोई ने फ्री बिजली योजना में स्वैच्छिक गिवअप अभियान चलाने का सुझाव दिया.
विधायक कालीचरण सराफ ने उद्योगों के लिए महंगी बिजली दरों का मुद्दा उठाया.
केकड़ी से विधायक शत्रुघ्न गौतम ने अजमेर जिले में चारागाह भूमि आवंटन में कथित अनियमितता का मामला उठाया, जिस पर जांच के निर्देश दिए गए.
मोबाइल वेटरनरी यूनिट के आंकड़ों को लेकर पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत और विपक्ष के बीच नोकझोंक हुई.
मंत्री ने कहा कि कैंपों में इलाज किए गए पशुओं के आंकड़े भी शामिल हैं, जबकि विपक्ष ने आंकड़ों में गड़बड़ी का आरोप लगाया.
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इस बजट सत्र में पहली बार विधानसभा पहुंचीं और विधायकों से मुलाकात की.
दिन की शुरुआत भाजपा विधायक दल की रणनीति बैठक से हुई जिसमे मुख्यमंत्री सामिल हुए.
Rajasthan Breaking Live: सिरोही में टेलर दुकान में लगी भीषण आग
सिरोही में टेलर की दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. यहां दुकान से निकल आग की लपटें निकलती दिखी. लोग आग को बुझाने का प्रयास कर रहे हैं. दुकान में रखा सामान जल कर खाक हो गया.

Rajasthan Breaking Live: कांग्रेस ने शंकराचार्य के खिलाफ FIR को लेकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर को लेकर चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा हैं. पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर इस पूरे मामले को एक राजनैतिक षड्यंत्र करार दिया है.प्रयागराज के ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ हुई हालिया पुलिस कार्रवाई को लेकर यह ज्ञापन सौंपा गया.

Rajasthan Breaking Live: धीरेंद्र शास्त्री से मिलने पहुंचे सीएम भजनलाल शर्मा
ऱाजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा मंगलवार (24 फरवरी) को अजमेर पहुंचे थे. जहां पुष्कर में धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात की. इस दौरान सीएम और धीरेंद्र शास्त्री में बातचीत भी हुई. सीएम ने धीरेंद्र शास्त्री को भेंट भी दिया.

Rajasthan Breaking Live: बजट सत्र में पहली बार विधानसभा पहुंची वसुंधरा राजे
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इस बजट सत्र के दौरान पहली बार विधानसभा पहुंची. उनके विधानसभा पहुंचते ही भाजपा विधायकों ने गेट पर उनका स्वागत किया. इस दौरान कई विधायक उनसे मिलने पहुंचे और हालचाल पूछा. विधानसभा परिसर के प्रवेश द्वार पर ही वसुंधरा राजे ने विधायकों से चर्चा की. उन्होंने प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और बजट सत्र को लेकर अनौपचारिक बातचीत भी की. इस मौके पर निर्दलीय विधायक यूनुस खान भी मौजूद रहे. बजट सत्र में उनकी यह पहली मौजूदगी राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी रही.

Rajasthan Breaking Live: पीएम मोदी के अजमेर दौरे से पहले सीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अजमेर यात्रा से पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया. मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली.

Rajasthan Breaking Live: दुरंतो ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
झुंझुनूं के सदर थाना इलाके के खाजपुर गांव के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई. जानकारी के अनुसार रतनशहर-झुंझुनूं रेल मार्ग पर पिलर नंबर 308 के पास दुरंतो ट्रेन की चपेट में एक युवक आ गया. ट्रेन की चपेट में आने के बाद युवक करीब 50 मीटर तक ट्रेन के आगे घसीटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई. मृतक की पहचान खाजपुर का बास निवासी योगेश कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी.
Rajasthan Breaking Live: मोबाइल वेटरनरी यूनिट के आंकड़ों पर सदन में टकराव
मोबाइल वेटरनरी यूनिट से पशुओं के इलाज के आंकड़ों को लेकर राजस्थान विधानसभा में जमकर बहस हुई. पशुपालन और डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत के जवाब के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आंकड़ों पर सवाल खड़े करते हुए जांच की मांग की. इस दौरान संसदीय कार्यमंत्री के साथ उनकी नोकझोंक भी हुई.
Bikaner protest: छात्रा की हत्या से नाराज ग्रामीणों का धरना समाप्त
बीकानेर जिले के रणजीतपुरा में 8वीं की बोर्ड की परीक्षा देने जा रही छात्रा के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है. इस घटना को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया है. प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद इस बारे में सहमति बन गई है. बज्जू उपखंड अधिकारी ने लिखित में आश्वासन दिया है. इस मामले में पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी, पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी सहित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग दिया है.
Rajasthan Breaking Live: बाड़मेर के चौहटन में 108 एंबुलेंस दुरुपयोग मामले में हुई कार्रवाई
पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जिले के चौहटन कस्बे में आपात सेवा 108 एंबुलेंस के गलत इस्तेमाल के मामले में वायरल वीडियो में एंबुलेंस से मोटर पार्ट्स के कार्टन उतारते दिखने के बाद NDTV राजस्थान ने इस खबर को प्रमुखता से चलाने के बाद बड़ा असर हुआ और विभागीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 108 सेवा संचालित करने वाली कंपनी GVK EMRI ने जांच कर ईएमटी खुखदेव गांगुली और पायलट को ड्यूटी से हटा दिया और उनकी जगह नए कर्मचारियों की तैनाती की गई है. दरअसल 22 फरवरी को सामने आए वीडियो में 108 एंबुलेंस बाड़मेर से चौहटन आते समय मोटर पार्ट्स के कार्टन उतारते दिखाई दी. मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने यह वीडियो बना लिया. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
Rajasthan Breaking Live: कोटा के एक थाने में घुसी जंगली छिपकली
कोटा के एक थाने में जंगली छिपकली मॉनिटर लिजार्ड घुस गई. वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंचे स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने छिपकली का रेस्क्यू किया. बताया जा रहा है कि थाने के रिकॉर्ड रूम से ढाई फीट की जंगली छिपकली को पकड़ा गया है. यह शहर के महावीर नगर थाने का मामला है.

पेट पलायन, कांवड़ और डाक कांवड़ लेकर खाटूश्यामजी पहुंच रहे भक्त
खाटूश्यामजी में चल रहे बाबा श्याम के 8 दिवसीय वार्षिक फाल्गुन मेले में आस्था भक्ती और श्रद्धा के अलग-अलग रंग दिखाई दे रहे हैं, जहां लाखों भक्त हाथों में निशान लेकर पैदल पदयात्रा कर रहे हैं. वहीं कुछ भक्त रींगस से खाटू धाम तक पेट पलायन यात्रा कर रहे हैं. अनेक भक्त हरिद्वार, जयपुर, हरियाणा और दिल्ली से पदयात्रा करते हुए खाटू धाम पहुंच रहे हैं, जिसकी जैसी श्रद्धा है वैसे ही उसकी बाबा में आस्था दिखाई दे रही है.
भक्तों की कड़ी में कोटपूतली के एक दर्जन से ज्यादा युवा भक्त हरिद्वार से 31 लीटर मां गंगा का जल लेकर कावड़ रूपी यात्रा कर खाटू धाम पहुंच रहे हैं. अनेक युवा भक्त डाक कावड़ लेकर खाटू धाम पहुंच रहे हैं, जिसमें वह बिना रुके दौड़ते हुए खाटू धाम निशान लेकर पहुंचते हैं.

पत्नी से झगड़े के बाद BSF जवान हुआ लापता
जयपुर के झोटवाड़ा थाना क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (BSF) का जवान जयप्रकाश शर्मा लापता हो गया. परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है. जयप्रकाश शर्मा जैसलमेर में सीमा सुरक्षा बल में मुख्य आरक्षक हैं. वे 7 फरवरी 2026 को अपनी ड्यूटी से रवाना हुए थे. परिजनों का कहना है कि उनके जयपुर आने की पूर्व सूचना नहीं थी, जबकि उनका परिवार झोटवाड़ा में रहता है. जवान के बड़े भाई प्रमोद कुमार शर्मा, निवासी प्रागपुरा (तहसील पावटा, जिला कोटपूतली-बहरोड़) ने बताया कि कुछ दिन पहले झोटवाड़ा थाने से फोन पर सूचना मिली थी कि मेरा भाई जयप्रकाश अपनी पत्नी से विवाद के बाद घर से चला गया है. इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है.
खाटूश्यामजी जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो की मौत और 8 घायल
सीकर के पलसाना में राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर लढाणा पुलिया के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, और 8 गंभीर रूप से घायल हो गए. झुंझुनूं जिले के गोढ़ा खेड़ा गांव से करीब 18 श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे थे. पलसाना के लढाणा पुलिया के पास ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में राव भास्कर पुत्र मांगीराम और मनरूप पुत्र सुखदेव, दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
थ्रेसर मशीन की चपेट में आया युवक, हालत नाजुक
बांसवाड़ा के आनंदपुरी थाना क्षेत्र के सालिया शेरगढ़ गांव में मंगलवार सुबह गेहूं की थ्रेसिंग के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. खेत पर काम कर रहा एक युवक अचानक थ्रेसर मशीन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक पुंजीलाल पुत्र मणिलाल निवासी सालिया शेरगढ़ खेत पर थ्रेसर से गेहूं निकालने का काम कर रहा था. इसी दौरान गेहूं की पुलिया मशीन में डालते समय उसका एक हाथ जैकेट सहित थ्रेसर में फंस गया, जबकि दूसरा हाथ मशीन की चेन में आ गया. कुछ ही पलों में युवक मशीन के अंदर खिंच गया और गंभीर रूप से घायल हो गया.
दौसा में घोड़े से ब्लिंकिट की डिलीवरी
सोशल मीडिया पर एक डिलीवरी बॉय का वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है जिसमें वह घोड़े पर सवार है और ब्लिंकिट डिलीवरी बैग ले जा रहा है. यह वीडियो दौसा का बताया जा रहा है. वीडियो में एक बुज़ुर्ग आदमी घोड़े पर बैठा दिख रहा है और उसके हाथ में ब्लिंकिट डिलीवरी बैग है, जिसे डिलीवरी बॉय बताया जा रहा है. NDTV वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.

झुंझुनूं धनुरी टोल प्लाजा पर ग्रामीणों का धरना जारी
झुंझुनूं धनुरी टोल प्लाजा पर चौथे दिन ग्रामीणों का धरना जारी है. 12 ग्राम पंचायतों को टोल मुक्त रखने की मांग की है. टोल संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों का धरना जारी है. टोल प्लाजा के टोल काउंटर करवा बन्द रखे हैं.
तमिलनाडु से स्टीम इंजन बांदीकुई जंक्शन पहुंचा
ब्रिटिश कालीन बांदीकुई रेलनगरी का वैभव लौट रहा है. दक्षिण रेलवे के गोल्डन रोक वर्कशॉप तिरूचिरापल्ली तमिलनाडु से स्टीम इंजन बांदीकुई जंक्शन पहुंचा. करीब 35 साल बाद रेल का भाप का इंजन बांदीकुई पहुंचा. बांदीकुई विधायक भागचंद टांकडा ने रेलमंत्री से भाप के इंजन बांदीकुई जंक्शन पर स्थापित करने की डिमांड रखी थी. नैरो गेज का क्लास B का 11.43 टन वजनी स्टीम इंजन जीआरपी पुलिस थाने के सामने स्थापित होगा. बांदीकुई जंक्शन के बाहर बनाए गए प्लेटफार्म पर विंटेज स्टीम इंजन नजर आएगा. साल 1874 में राजस्थान में आगरा फोर्ट से बांदीकुई जंक्शन पर राजस्थान की पहली राजपूताना ट्रेन चली थी. ब्रिटिश काल से ही बांदीकुई रेल नगरी के नाम से स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है.
राजसमंद में तालाब की मछलियां मरने पर ग्रामीणों में आक्रोश
राजसमंद के पास जावद गांव के तालाब में रहस्यमय तरीके से मछलियां मर रही हैं, जिसे लेकर ग्रामीणों में जोरदार आक्रोश है. ग्रामीणों ने राजसमंद कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा को ज्ञापन सौंपा. ग्रामीणों ने राजसमंद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि तालाब में गंदा पानी आ रहा है, जिसके कारण यहां की मछलियां मर रही हैं और तालाब से बदबू भी आ रही है. ग्रामीणों ने राजसमंद नगर परिषद क्षेत्र सोमनाथ चौराहे से धोइंदा मेन रोड पर बंद पड़ा नाला निर्माण कार्य शीघ्र कराए जाने की मांग की.
निजी बस ऑपरेटर्स के हड़ताल पर यात्री परेशान
निजी बस ऑपरेटर्स सोमवार रात 12 बजे से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर उतर आए हैं. परिवहन विभाग की स्लीपर बसों पर लगातार कार्रवाई के विरोध में यह चक्का जाम किया. उदयपुर ट्रेवल्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार ने बसों का बॉडी कोड अभी लागू किया है, लेकिन जो बसें रजिस्टर हो चुकी हैं, उन बसों पर भी नए बॉडी कोड के अनुसार कार्रवाई की जा रही है. एक से डेढ़ लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा रहा है. अगर यह बसें अनफीट थींं, तो पहले अधिकारियों ने पास क्यों किया, एसोसिएशन की मांग है कि बॉडी कोड को नई बसों पर लागू किया जाए. बसों का संचालन बंद होने से यात्रियों को भी परेशानी उठाना पड़ रही है. कोई मेडिकल इमरजेंसी में फंसा है, तो कोई जॉब पर नहीं जा पाया है.
विधानसभा की कार्यवाही शुरू, रफीक खान को जन्मदिन को दी बधाई
राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई. कार्यवाही की शुरुआत में स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कांग्रेस के सचेतक रफीक खान को जन्मदिन की बधाई दी. पूरे सदन की तरफ से रफीक खान को बधाई दी गई. संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि इनका जन्मदिन भी हमें याद दिलाना पड़ता है. जोगाराम पटेल ने रफीक खान की जैकेट पर की टिप्पणी. उन्होंने कहा कि आज आपने जो यह भगवा पहना है, यह भी स्वागत योग्य है. रफीक खान ने कहा कि मंत्री महोदय, भगवा और गुलाबी में अंतर करना सीखो. यह पिंक सिटी का गुलाबी रंग है. स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कहा कि आज यह सदन के सोफा से मैचिंग में है. स्पीकर ने कहा कि सदन के रंग से मैचिंग के चलते आज शांति से चलेगी सदन की कार्यवाही.
डूंगरपुर में दो युवकों ने शिक्षक को पीटा
डूंगरगढ़ क्षेत्र के कुनपालसर गांव से एक बेहद निंदनीय मामला सामने आया है. एक राजकीय विद्यालय में कार्यरत शिक्षक के साथ 2 युवकों ने मारपीट की. घटना वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें युवक अध्यापक को लाठी मार रहा है.
विधानसभा में वन मंत्री संजय शर्मा का ऐलान
विधानसभा में वन मंत्री संजय शर्मा ने ऐलान किया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में दो श्रीराम वाटिका बनाई जाएगी. शाहपुरा के अटल वन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की आदमकद प्रतिमा लगाई जाएगी.
राजस्थान वानिकी एवं वन्य जीव प्रशिक्षण संस्थान की अलवर शाखा द्वारा युवाओं को नेचर गाइड का प्रशिक्षण दिया जाएगा. एक जिला एक प्रजाति कार्यक्रम के तहत सी ऑर्किड स्थापित किया जाएगा. वन्य और वन्य जीव संरक्षण के लिए GI टेक्निक सेंटर की स्थापना की जाएगी.
15 दिन से नहीं आया पानी तो भूख हड़ताल पर बैठा परिवार
भरतपुर के पथैना गांव में पीने के पानी की किल्लत है. जनप्रतिनिधि और अधिकारियों को अवगत कराने के बाद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पिछले 15 दिनों से एक परिवार भूख हड़ताल पर बैठ गया. भूख हड़ताल को देख जलदाय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कर सके.

आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी की मौत
भरतपुर सेवर स्थित सेन्ट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी की मौत हो गई. 18 फरवरी को मोनू उर्फ मोहित को आजीवन कारावास की सजा हुई थी. कैदी मोनू भरतपुर के नदबई कस्बे का रहने वाला था. कैदी मोनू जिला आरबीएम अस्पताल में 20 तारीख से भर्ती था. मृतक के शव को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है.
एशियन लेक्रोस चैंपियनशिप की विजेता टीम ने सीएम से मुलाकात की
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मंगलवार को सीएम निवास पर एशियन लेक्रोस चैंपियनशिप की विजेता टीम ने मुलाकात की. सीएम ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी. यह चैंपियनशिप 1 से 6 फरवरी तक सऊदी अरब के रियाद में आयोजित हुई, जहां पुरुष और महिला दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक जीतकर नाम रोशन किया है. 
जैसलमेर में साबरमती-जैसलमेर ट्रेन में मिला शव
जैसलमेर में साबरमती-जैसलमेर ट्रेन के साधारण कोच में एक वृद्ध अचेत अवस्था में मिला. रेलवे स्टाफ को यात्रियों ने सूचना दी. ट्रेन मैनेजर ने तुरंत रेलवे डॉक्टर को बुलाया. डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद व्यक्ति को अस्पताल भिजवाया. राजकीय जवाहर अस्पताल जैसलमेर में मेडिकल चेकअप कराया गया. जांच के दौरान वृद्ध को मृत घोषित कर दिया. शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. शव की शिनाख्त नहीं हो पाई.
सीकर में कार ट्रांसफार्मर से टकराकर बनी आग का गोला
सीकर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में जयपुर-झुंझुनू बाईपास स्थित आरटीओ चौराहे के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद जल उठी. हादसे में कार सवार युवक मौके से फरार हो गए. सूचना पर उद्योग नगर थाना पुलिस और दमकल की टीम ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चली चुकी थी.
भागल सेफ्टा में आवारा कुत्ते का आतंक, 20 लोगों पर किया हमला
भीनमाल के निकट भागल सेफ्टा गांव इन दिनों एक आवारा कुत्ते के आतंक से दहशत में हैं. पिछले करीब एक महीने से कुत्ता लगातार लोगों पर हमला कर रहा है, जिससे अब तक करीब 20 ग्रामीण घायल हो चुके हैं. हालात ऐसे हैं कि लोगों को घर से बाहर निकलते समय हाथ में लाठी रखना पड़ रहा है.
पुष्कर दौरे पर सीएम भजनलाल शर्मा
सीएम भजनलाल शर्मा आज पुष्कर दौरे पर रहेंगे. दोपहर 2:30 बजे जाट विश्राम स्थली हेलीपैड पहुंचेंगे. तीर्थराज पुष्कर में नया मेला मैदान पहुंचकर हनुमंत कथा में शामिल होंगे. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा में आधा घंटा श्रवण और संतों से भेंट करेंगे. सीएम दौरे को लेकर प्रशासन सतर्क है. कथा स्थल पर भारी भीड़ की संभावना है.
सलूंबर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सलूंबर जिले में अवैध गांजा की खेती पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. खेत के खड़ी गांजे की फसल को पुलिस ने जब्त कर लिया. टेकण के आडा मंगरा क्षेत्र में कार्रवाई हुई है. अवैध गांजे के हरे पौधे को उखाड़ कर कब्जे में ले लिया. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
कोटा में लापता कोचिंग स्टूडेंट का मिला शव
कोटा से लापता कोचिंग स्टेडेंट का अंता नहर में शव मिला. 17 फरवरी को बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के हॉस्टल से लापता हुआ था. कोटा में नीट की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था. 6 दिन से एसडीआरएफ की टीम सर्च कर रही थी.
किशनगढ़ से 10 हजार ‘लाभार्थी’ जुटाने का लक्ष्य
28 फरवरी को कायड़ विश्राम स्थली में प्रस्तावित प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में भीड़ जुटाने के लिए किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र से 10 हजार लोगों को ले जाने का लक्ष्य तय किया गया है. खास बात यह है कि इस भीड़ को ‘लाभार्थी’ नाम दिया गया है.
बाबा श्याम का लक्खी मेला परवान पर, जगह-जगह लगे सेवा शिविर
बाबा श्याम का लक्खी मेला परवान चढ़ने लगा है. देश के कोने-कोने से बाबा श्याम के श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है. बाबा श्याम के श्रद्धालु राजस्थान के अलावा हरियाणा और दिल्ली से भी पदयात्रा कर बाबा श्याम की नगरी पहुंच रहे हैं. श्याम श्रद्धालुओं के लिए रास्तों में जगह-जगह सामाजिक संगठनों और स्वयं सेवी संस्थाओं ने भंडारे और सेवा शिविर भी लगाए हैं.

सीकर एसपी ने रींगस में देखी मेले की सुरक्षा व्यवस्था, दिए दिशा-निर्देश
सीकर जिले के रींगस में एसपी प्रवीण नायक नुनावत ने खाटू श्यामजी मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने रींगस रेलवे स्टेशन सहित खाटूश्यामजी जाने वाले सड़क मार्ग का जायजा लिया, और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. एसपी नुनावत ने मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, रेलवे स्टेशन परिसर की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए.
पाली में थ्रेसर में गमछा आने से युवक की मौत
पाली में थ्रेसर में गमछा आने से युवक की मौत हो गई. 2 महीने पहले उसकी शादी हुई थी. थ्रेसर से उड़ती भूसी से बचने के लिए युवक ने मुंह पर गच्चा लपेटकर गले में डाल रखा था. शव को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. सदर थाना क्षेत्र के गिरादड़ा गांव का मामला है.
भरतपुर में रोडवेज बस ने एक बच्ची को कुचला, मौत
भरतपुर में रोडवेज बस ने एक बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद मौके कर जाम की स्थिति बन गई. सूचना मिलते ही सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. लोगों को समझाकर जाम खुलवाया. मृतक बच्ची मोनिका पुत्री शिवनारायण मुरवारा की रहने वाली थी. हादसा सेवर थाना क्षेत्र स्थित मुरवारा कट पर हुआ.
डीडवाना में जलदाय विभाग ने काटे जल कनेक्शन
डीडवाना के अवैध जल कनेक्शन एवं बकाया बिल को लेकर वसूली अभियान शुरू हो गया है. जलदाय विभाग ने 20 जल कनेक्शन काटे. कुल 38 लाख रुपए की वसूली की गई. विभाग की कार्रवाई से उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया. विभाग ने चेतावनी दी है कि बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटे जाएंगे. जिन उपभोक्ताओं के 5000 रुपए बकाया है, उनके कनेक्शन कटेंगे.
नाबालिग छात्रा से रेप के बाद हत्या का आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर के रणजीतपुरा में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. आरोपी श्याम सुंदर को गिरफ्तार कर लिया है. डीजीपी राजीव शर्मा पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे थे.
एसपी जल्द पूरे घटनाक्रम का खुलासा करेंगे.