विज्ञापन
2 months ago

Rajasthan News Live Updates, 30 January 2026: राजस्थान के लोगों को रविवार को कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड से राहत मिली. राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, अलवर में 7.2 डिग्री, लूणकरनसर में 7.7 डिग्री, पाली में 8.3 डिग्री, जवाई बांध (पाली) में 9.6 डिग्री और श्रीगंगानगर में 9.7 डिग्री दर्ज किया गया. अजमेर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले 24 घंटों में 1.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. अगले 24 घंटों तक मौसम की स्थिति इसी प्रकार बनी रहने का अनुमान है. आज राजस्थान में 5 जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली और कहीं-कहीं पर तेज हवा (20-30 kmph) चलने की संभावना है. सवाईमाधोपुर, बूंदी, कोटा, झालावाड़, बारां और आसपास के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

साध्वी प्रेम बाईसा की मौत पर पुलिस का कहना है कि जांच को सिर्फ इंजेक्शन और मेडिकल एंगल तक सीमित नहीं रखा गया है. आश्रम से FSL टीम ने सबूत भी जुटाए हैं. सेवादार सुरेश ने भी कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. नर्सिंगकर्मी देवी सिंह की भूमिका, पिता और बेटी के रिश्तों पर सवाल समेत तमाम तथ्यों ने इस केस को पेचीदा बना दिया है. 

बीते दिन (1 फरवरी) को केंद्र का बजट पेश होने के बाद से राजस्थान की सियासत भी गरम है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा इसे युवा शक्ति को समर्पित बजट बताते हुए पीएम नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया है. सीएम ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 'सबका साथ सबका विकास' के संकल्प को सिद्ध करने वाला है. 7% की विकास दर के साथ देश 'पाथ ब्रेकिंग रिफॉर्म एक्सप्रेस' पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. डेटा सेंटर और सोलर क्षेत्र में मिलने वाले प्रोत्साहन से हमारे प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे. वहीं, कांग्रेस केंद्र पर राजस्थान की अनदेखी का आरोप लगाया है. राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद डोटासरा का कहना है कि बजट से देशभर और विशेषकर राजस्थान में निराशा का माहौल है. 

कल (1 फरवरी) कोटा में बाल सुधार गृह से 9 नाबालिग आरोपी फरार, जैसलमेर में चोरी की एक अजीबो-गरीब और चौंकाने वाली वारदात, किरोड़ीलाल मीणा का आरक्षण पर बयान समेत तमाम खबरें भी सुर्खियों में रहीं. लाइव ब्लॉग में पढ़िए आज क्या है खास.

Rajasthan Breaking News LIVE: पंजाब नेशनल बैंक से करीब साढ़े छह करोड़ का सोना पार

झुंझुनूं के नवलगढ़ से पंजाब नेशनल बैंक से करीब साढ़े छह करोड़ का सोना पार करने की खबर सामने आई है. बताया जाता है कि नवलगढ़ बैंक शाखा में गोल्ड लोन के बदले 4 किलो सोना रखा था. इस मामले में शाखा प्रबंधक अमित कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. इसके अलावा बैंक कर्मचारी अनंत प्रकाश चौधरी और संतोष सैनी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. केस वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मुकेश सिहाग ने दर्ज करवाया है. बताया जा रहा है कि गोल्ड लोने के बदले रखे गए 76 पैकेट्स में से 73 पैकेट नकली सोना रखा गया था. जबकि तीन पैकेट्स से छेड़छाड़ कर सोना पार करने की आशंका है. बैंक प्रबंधन ने आंतरिक जांच के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाल जा रहे हैं. वहीं यह भी बताया जा रहा है कि बीते 21 और 22 जनवरी को आरोपितों की संदिग्ध गतिविधियां देखी गई है.

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Rajasthan Breaking News LIVE: महिला बनकर घूम रहे थे दो युवक बच्चा चोरी के शक में हुई पिटाई

बांसवाड़ा स्थित सियापुर गांव में छोटे बच्चों को पकड़कर ले जाने की आशंका के चलते ग्रामीणों ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर जमकर धुनाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को थाने लाया गया. ग्रामीणों के अनुसार गांव में दो युवक महिला के वेश में घूमते हुए नजर आए. शक होने पर ग्रामीणों ने उनसे पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बच्चा चोरी की आशंका और गहरा गई. इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को घेर लिया और मारपीट की.

Rajasthan Breaking News LIVE: घटिया निर्माण पर भड़के किरोड़ी लाल मीणा

प्रदेश के कृषि मंत्री डॉक्टर किरोडी लाल मीणा आज सवाई माधोपुर में आरएसआरडीसी ( राजस्थान राज्य सड़क विकास और निर्माण निगम लिमिटेड ) के अधिकारियों पर उस वक्त भड़क गये जब वे लोगो की शिकायत पर जिला मुख्यालय के ठिगला स्थित निर्माणाधीन राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय ( मेडिकल कॉलेज ) का औचक निरीक्षण करने पहुंचे. औचक निरीक्षण के दौरान कॉलेज निर्माण में मिली खामियां एंव घटिया निर्माण को लेकर कृषि मंत्री डॉक्टर किरोडी लाल मीणा ने मौके पर मौजूद आरएसआरडीसी के अधिकारियों को जमकर आड़े हाथों लिया और खूब खरीखोटी सुनाई.

Rajasthan Breaking News LIVE: SI पेपर लीक मामले में 50 हजार इनामी डमी अभ्यर्थी गिरफ्तार

उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 के प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में पंजीबद्ध प्रकरण संख्या 10/2024, पुलिस थाना एसओजी के अंतर्गत लंबे समय से फरार चल रहे ₹50,000/- के इनामी अभियुक्त अशोक कुमार को एसओजी द्वारा फलोदी पुलिस के सहयोग से आज दिनांक 02.02.2026 को गिरफ्तार किया गया है. जांच में यह तथ्य सामने आया है कि अभियुक्त अशोक कुमार  उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 के दौरान तीनों परीक्षा दिवसों (13.09.2021, 14.09.2021 एवं 15.09.2021) को विभिन्न अभ्यर्थियों के स्थान पर डमी परीक्षार्थी के रूप में बैठकर लिखित परीक्षा दी गई, जिसके परिणामस्वरूप संबंधित अभ्यर्थी अवैध रूप से चयनित हुए.

अभियुक्त द्वारा

* दिनांक 13.09.2021 को श्याम प्रताप सिंह के स्थान पर  

* दिनांक 14.09.2021 को श्रवण कुमार गोदारा के स्थान पर  

* दिनांक 15.09.2021 को मदनलाल के स्थान पर  

लिखित परीक्षा देकर संगठित धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया

Rajasthan Breaking News LIVE: वासुदेव देवनानी ने भैरु बाबा के दर पर टेका माथा

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी रींगस पहुंचे. यहां उन्होंने प्रसिद्ध भैरु बाबा मंदिर में दर्शन कर शीश नवाया और विशेष पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने प्रदेश में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना मंदिर पुजारी फूलचंद गुर्जर एवं मामराज गुर्जर द्वारा विधि-विधान से संपन्न करवाई गई.

Rajasthan Breaking News LIVE: जन सुनवाई के दौरान सीएम भजनलाल शर्मा अधिकारियों पर भड़के

सोमवार (2 फरवरी) को जन सुनवाई के दौरान सीएम भजनलाल शर्मा के सख्त तेवर दिखने के बाद काफी चर्चा हो रही है. मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री लापरवाह अधिकारियों पर नाराज़ नजर आए और कई मामलों में कड़ी फटकार लगाई.

सीएम भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को लगाई फटकार, जन सुनवाई में कहा- लापरवाही पर जिम्मेदारी तय की जाए

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Rajasthan Breaking News LIVE: वरिष्ठ अध्यापक- सामाजिक विज्ञान परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को करना होगा ऑनलाइन आवेदन

राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2024 के अंतर्गत सामाजिक विज्ञान विषय की विचारित सूची में सफल घोषित अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत आवेदन प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है.सभी अभ्यर्थियों को एसएसओ आईडी के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर माय रिक्रूटमेंट-डीटेल्ड फॉर्म कम स्क्रूटनी- अप्लाई नाउ का चयन कर अपना विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरना होगा. ऑनलाइन विस्तृत आवेदन-पत्र भरने हेतु आयोग द्वारा 4 से 10 फरवरी 2026 (रात्रि 11.59) तक लिंक खोला जायेगा.

Rajasthan Breaking News LIVE: सवाई माधोपुर में किरोड़ी लाल मीणा की जन सुनवाई

मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा आज सवाई माधोपुर के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक ली और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की, साथ ही बैठक उन्होंने जन सुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं. मंत्री की जन सुनवाई में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने सड़क, पेय जल, सीवरेज, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, अतिक्रमण, मृत पशु निस्तारण तथा नगर परिषद से जुड़ी विभिन्न समस्याएं मंत्री के समक्ष रखी. जिस पर मंत्री डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने सभी परिवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए.

Rajasthan Breaking News LIVE: मदन राठौड़ ने सुमन मोरपाल को जारी किया नोटिस

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सुमन मोरपाल को नोटिस जारी किया है. राठौड़ ने अनुशासनहीनता का नोटिस जारी किया है. जिसमें कहा है कि आपके द्वारा पार्टी के कई दायित्ववान पदाधिकारी और वरिष्ठ जनों के प्रति अनर्गल, बिना तथ्य और बिना साक्ष्य के आरोप लगाकर उसे सार्वजनिक किया गया है, यह अनुशासनहीनता की परिभाषा में आता है. नोटिस के खिलाफ तीन दिन में लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है.

Rajasthan Breaking News LIVE: सरिस्का में बाघिन ST-28 की टेरोटोरियल फाइट में मौत

अलवर के सरिस्का बाघ परियोजना के अकबरपुर रेंज नाका पृथ्वीपुरा बीट डाबली के वन क्षेत्र में सोमवार (2 फरवरी) को बाघिन ST 28 की मृत्यु टेरिटोरियल फाइट के कारण हो गयी है. घंटना की सूचना मिलते ही वन संरक्षक एवं क्षेत्र निदेशक, उप वन संरक्षक, पशु चिकित्सक दल और समस्त फील्ड स्टाफ मौके पर पहुंच. बाघिन का पोस्ट मोर्टेम 3 डॉक्टर की टीम द्वारा किया गया जिसमे उसके समस्त अंग पाए गए और कोई भी संदिग्ध साक्ष्य नही मिले . बाघिन ST 28 का अंतिम संस्कार राजस्व, पुलिस एवं स्थानीय लोगो की मौजूदिगी में NTCA के निर्धारित प्रोटोकोल के अनुसार किया गया.

Rajasthan Breaking News LIVE: पानी टंकी पर चढ़े एक दर्जन लोग

बारां जिले में पानी की टंकी पर एख दर्जन लोग चढ़ गए. ऐसा इसलिए की जिला अस्पताल में लंबे समय से सेवाएं दे रहे कार्मिकों को हटाएं जाने से आक्रोशित हैं. नई प्राइवेट फर्म को लैब संचालन का जिम्मा मिलने के बाद हटाए जाने से भी कर्मचारी नाराज हैं. वहीं सुनवाई नहीं होने पर शहर के पुरानी सिविल लाइन स्थित पानी की टंकी पर युवक चढ़े है.

Hanumangarh: हनुमानगढ़ में कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन

नरेगा योजना का नाम बदलने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हनुमानगढ़ में विरोध जताया. कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार पर नरेगा को समाप्त करने के आरोप लगाए. उनका कहना है कि नई योजना से राज्यों पर आर्थिक भार बढ़ेगा.

Rajasthan News: ग्वालों को हर महीने मिलेंगे 10 हजार रुपए महीने

शिक्षा और पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर आज बारां के जिले के प्रवास पर हैं. इस दौरान कोयला गांव में धार्मिक कथा में पहुंचे. कैबिनेट मंत्री ने वहां मौजूद ग्रामीणों को संबोधित करते बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण गायों को चराना शुरू करें. उसके लिए वह खुद ग्वाले को 10 हजार रुपए प्रतिमाह देंगे. 

Ashok Gehlot: गहलोत मुंबई से वापस जयपुर पहुंचे

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मुंबई से वापस जयपुर पहुंचे. इस दौरान, उनकी पत्नी सुनीता गहलोत भी साथ पहुंचीं. पिछले दिनों निमोनिया के कारण तबीयत बिगड़ने के बाद से वो मुंबई थे. जयपुर पहुंचने पर उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि बजट में क्या प्राथमिकताएं रखी गई हैं. फिलहाल राहुल गांधी का संबोधन हैं, हम सभी उसे सुन रहे हैं.

Alwar: अलवर में कर्मचारी ने लगाई फांसी

अलवर शहर के सदर थाना क्षेत्र में भूगोर गांव में रविवार शाम‌ एक 24 वर्षीय युवक ने फांसी लगा ली. मृतक राकेश अलवर के मिनी सचिवालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था. बीमारी के चलते पिता का निधन हुआ तो उनकी जगह अनुकंपा नियुक्ति मिली थी. इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी राकेश के कंधों पर आ गई थी. राकेश के तीन छोटे बच्चे हैं. 

बताया जा रहा है कि राकेश शराब का सेवन भी करता था, जिससे पारिवारिक और मानसिक तनाव बना रहता था. परिजनों ने बताया कि रविवार शाम राकेश अपने कमरे में गया था. काफी देर तक जब वह नीचे नहीं आया तो परिजनों को शक हुआ. ऊपर जाकर देखा तो राकेश फंदे से लटका मिला. 

Kota: सांडों की लड़ाई का वीडियो वायरल

कोटा शहर में दो सांडों के आपस में लड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस दौरान कई वाहन चालक और राहगीर घबरा गए, जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखे. वहीं, बाइक पर सवार एक युवक भी नीचे भी गिर गया. गनीमत रही कि उसको गंभीर चोटें नहीं आईं. 

झालावाड़ स्कूल हादसे पर हाईकोर्ट ने अधिकारियों की लगाई फटकार

 राजस्थान हाई कोर्ट ने झालावाड़ स्कूल हादसे और प्रदेश भर के स्कूलों की जर्जर स्थिति पर कड़ा रुख अपनाया है. न्यायमूर्ति महेंद्र गोयल और न्यायमूर्ति अशोक कुमार जैन की खंडपीठ ने इस मामले में सुओ मोटो लेते हुए सुनवाई की. सुनवाई के दौरान शिक्षा शासन सचिव कृष्ण कुणाल और शिक्षा निदेशक सीताराम जाट व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश हुए. इस दौरान कोर्ट ने स्कूलों की मरम्मत और बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए कोई ठोस रोडमैप पेश न किए जाने पर गहरी नाराजगी जाहिर की. साथ ही अधिकारियों को फटकार लगाते हुए हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता. कोर्ट ने शिक्षा सचिव को निर्देश दिए कि वे मुख्य सचिव और वित्त सचिव के साथ बैठक करें, ताकि आगामी बजट में स्कूलों की मरम्मत और रखरखाव के मद में पर्याप्त फंड की व्यवस्था की जा सके.

Sadhvi Prem Baisa death: वीरमनाथ क्यों लेकर गए थे दाल?

साध्वी प्रेम बाईसा के मौत के मामले में सेवादार सुरेश ने पुलिस को अहम जानकारी दी है. उसने बताया कि 28 जनवरी को साध्वी प्रेम बाईसा को जुकाम और गला खराब था. साध्वी ने सुरेश से खाने में दाल बनवाई थी. आमतौर पर सुरेश ही साध्वी के कमरे में खाना लेकर जाता था, लेकिन उस दिन पिता वीरमनाथ खुद दाल लेकर कमरे में गए थे. इसके बाद साध्वी को अचानक सांस लेने में परेशानी हुई और वह जोर-जोर से चिल्लाने लगीं. 

Jaipur: जयपुर में पति के सामने पत्नी से छेड़छाड़

जयपुर में पति के सामने पत्नी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. शिकायत मिलने के बाद चित्रकूट पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, पति-पत्नी शॉपिंग करके घर लौट रहे थे. तभी रॉन्ग साइड से आ रही एक कार में सवार बदमाशों ने छेड़छाड़ की. 

Diya Kumari: केंद्रीय बजट पर दिया कुमारी का बयान

डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने केंद्रीय बजट पर मीडिया को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत को मजबूती देने वाला बजट है.  

घने कोहरे में रोडवेज बस–ट्रक की भीषण भिड़ंत, ट्रक चालक की मौत

सूरतगढ़ क्षेत्र में एनएच-62 पर गांव पालिवाला के पास घने कोहरे के चलते आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां रोडवेज बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 2 महिलाओं सहित कुल 5 लोग घायल हो गए.

Jodhpur: साध्वी की मौत के मामले में एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार

साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के मामले में पुलिस की पड़ताल जारी हैं. पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के अनुसार, साध्वी के शव पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं है. अब एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही खुलासा होने की संभावना है. 

Sadhvi Pream baisa: साध्वी प्रेम बाईसा के पिता ने वायरल वीडियो को बताया सही

साध्वी के पिता ने पहली बार प्रेम बाईसा के साथ वायरल वीडियो पर बात की. उन्होंने कहा कि साध्वी प्रेम बाईसा उनकी सगी पुत्री थी और पुत्री के साथ वायरल वीडियो को सही बताया. उन्होंने कहा कि एक पिता का अपनी पुत्री के साथ गले मिलना बिल्कुल गलत नहीं है.

पूर्व मंत्री एवं थानागाजी के पूर्व विधायक श्री हेमसिंह भड़ाना के निधान पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने श्रद्धांजलि दी. परिवार को ढांढस बंधाया.

Rajasthan News: कैंसर से जूझ रहे थे भड़ाना

पूर्व कैबिनेट मंत्री हेमसिंह भड़ाना (58) ने आज सुबह करीब 7:30 बजे अलवर स्थित उनके निवास पर अंतिम सांस ली. परिजनों के अनुसार, भड़ाना कैंसर से बड़े मजबूती से लड़ रहे थे, लेकिन ब्रेन हेमरेज के बाद उनकी स्थिति  बेहद नाजुक हो गई थी. 

यहां पढ़िए पूरी खबर- पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना कैंसर से हारी जिंदगी की जंग

Hem Singh Bhadana: पूर्व मंत्री हेम सिंह भड़ाना का निधन

राजस्थान के पूर्व मंत्री हेम सिंह भड़ाना का निधन हो चुका है. उनके फेसबुक पोस्ट से शेयर किया गया- अलविदा.

Budget 2026: डिप्टी सीएम दिया कुमारी की प्रेस कॉन्फ्रेंस सुबह 10:30 बजे

डिप्टी सीएम दिया कुमारी की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज सुबह 10:30 बजे होगी. उपमुख्यमंत्री जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्रीय बजट पर पत्रकारों से बातचीत करेंगी.

Rajasthan Weather: राजस्थान में बरसे बादल

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ से मौसम बिगड़ गया है. कहीं ओले गिरे तो कहीं जमकर बारिश हुई. चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा, बस्सी, निम्बाहेड़ा, कपासन और बेगूं समेत कई इलाकों में बादल जमकर बरसे. आज सवाईमाधोपुर, बूंदी, कोटा, झालावाड़, बारां और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली का अलर्ट है. यहां क्लिक कर जानिए मौसम का हाल. 

डोटासरा का सवाल- आखिर ये बजट किसके लिए था?

सीएम भजनलाल शर्मा की बजट पर प्रतिक्रिया

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Close