Rajasthan News Live Updates, 29 January 2026: राजस्थान की चर्चित साध्वी प्रेम बाईसा की बुधवार (28 जनवरी) को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला गरमा गया है. इस मामले में आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने हाई लेवल कमेटी से जांच की मांग की है. साध्वी तब चर्चा में आई थी कि जब पिछले साल एक पुरुष के साथ गले मिलते हुए उनका वीडियो वायरल हुआ था. साध्वी ने इसे ब्लैकमेलिंग और बदनाम करने की साजिश बताते हुए एफआईआर भी दर्ज कराई थी.
गुरुवार (29 जनवरी) को हंगामे के साथ राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई. कांग्रेस राज्यपाल के अभिभाषण पर बीजेपी सरकार को घेरने का मूड में है. राज्यपाल के अभिभाषण पर अगले तीन दिन चर्चा होगी. इस बार बजट सत्र करीब 3 सप्ताह चलने की संभावना है. सत्र में डिस्टर्ब्ड एरिया एक्ट, पंचायती राज संस्थाओं और नगरीय निकायों के चुनावों को लेकर विधेयक पेश हो सकते हैं. इन बिलों पर सदन के हंगामेदार रहने के आसार है. 11 फरवरी को वित्त मंत्री दिया कुमारी बजट पेश करेगी.
मौसम विभाग ने भी प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. अलर्ट के अनुसार सुबह और रात के समय विजिबिलिटी कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है. श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, अलवर, जयपुर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर और करौली जिलों में कोहरे का असर ज्यादा रहने की संभावना है. इन इलाकों में सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो सकती है.
Rajasthan Breaking News LIVE: नीरजा मोदी स्कूल की मान्यता रद्द करने के मामले में CBSC ने दिया हाई कोर्ट में जवाब
जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल की मान्यता रद्द करने के मामले में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने राजस्थान हाईकोर्ट में अपना 170 पेज का विस्तृत जवाब पेश कर दिया. बोर्ड ने कहा कि स्कूल में एंटी-बुलिंग और पॉस्को कमेटियां केवल कागजों तक सीमित थीं. जमीन पर इनका कोई अस्तित्व नहीं था. ये एक प्रमुख कारण रहा कि क्लास-4 की 9 वर्षीय अमायरा पिछले डेढ़ साल से बुलिंग की शिकार हो रही थी. परिजनों ने चार बार स्कूल प्रशासन को शिकायत की, लेकिन कमेटी निष्क्रिय होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई.
Rajasthan Breaking News LIVE: राजस्थान के चार और पंजाब के दो ज़िलों में नए ज़िला कांग्रेस अध्यक्षों के नाम घोषित
कांग्रेस कमेटी ने संगठन सृजन अभियान के तहत राजस्थान और पंजाब के 6 ज़िला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति को मंज़ूरी दे दी है. कांग्रेस अध्यक्ष की स्वीकृति के बाद जारी आदेश में राजस्थान के चार और पंजाब के दो ज़िलों में नए ज़िला कांग्रेस अध्यक्षों के नाम घोषित किए गए हैं.
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Rajasthan Breaking News LIVE: SOG ने रैंक 12 वाले AE को किया गिरफ्तार
कनिष्ठ अभियंता संयुक्त भर्ती परीक्षा-2020 के प्रश्नपत्र लीक प्रकरण की जांच के दौरान राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया है. कनिष्ठ अभियंता (JE) संयुक्त भर्ती परीक्षा-2020, जिसे पेपर लीक के कारण रद्द किया गया था, उसके सितंबर 2021 में दोबारा आयोजन में भी पेपर लीक हुआ था.
Rajasthan Breaking News LIVE: सोनम वांगचुक जोधपुर जेल में दूषित पानी से बीमार
वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने गीतांजलि आंगमो की ओर से पेश होकर अदालत को बताया कि वांगचुक को जेल के पानी से पेट में दिक्कत हो रही है. वे डॉक्टर से जांच करवाना चाहते हैं, लेकिन कोई विशेषज्ञ नहीं आता.
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Rajasthan Breaking News LIVE: दिनेश मांजू का जिला स्तरीय सम्मान प्रशासन ने लिया वापस
गणतंत्र दिवस के दिन वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किए जाने के संबंध में बाड़मेर जिला प्रशासन ने दिनेश मांजू को सम्मानित किया था. मांजू के खिलाफ पुलिस में प्रकरण दर्ज होने की जानकारी प्राप्त होने के बाद जिला प्रशासन ने मांजू का पुरस्कार तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है.
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Rajasthan Breaking News LIVE: बीकानेर शहर में पुलिस का फ्लैग मार्च
बीकानेर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फ्लैग मार्च निकाला गया.पंडित पेट्रोल पंप से करमीसर तिराहे तक फ्लैग मार्च निकाला गया. एसपी कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशन में थाना अधिकारी कविता पुनिया के नेतृत्व में मार्च निकाला गया.
Rajasthan Breaking News LIVE: गेहूं खरीद के लिए किसान कर सकेंगे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
भारत सरकार द्वारा रबी विपणन सीजन 2026-27 हेतु गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया गया है. राज्य के किसान अपनी उपज बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन एक से 25 फरवरी तक खुद या ई-मित्र के जरिए करा सकते हैं. खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की वेबसाइट https://food.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध 'गेहूँ खरीद के लिए किसान रजिस्ट्रेशन पोर्टल' के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे. इसके लिए किसान के पास अपडेट जन आधार कार्ड होना जरूरी है.
Rajasthan Breaking News LIVE: मौत के बाद चेक से निकाले गए पैसे
किशनगढ़ के मदनगंज थाना क्षेत्र में एक गंभीर वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें मृत व्यक्ति के हस्ताक्षरित चेक का दुरुपयोग कर संयुक्त बैंक खाते से राशि निकालने का आरोप लगा है. न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.परिवादी राकेश कुमार छाजेड ने न्यायालय में प्रस्तुत परिवाद में बताया कि उनका और उनके दिवंगत पिता ताराचंद छाजेड का बैंक ऑफ बड़ौदा, मदनगंज शाखा में संयुक्त खाता था.
Rajasthan Breaking News LIVE: त्यागी छात्रावास पर दो गुटों में झगड़े के बीच फायरिंग
धौलपुर के निहालगंज थाना इलाके में ओंडेला रोड स्थित त्यागी छात्रावास पर गुरुवार शाम को त्यागी समाज के दो पक्षों में झगड़ा हो गया. मामूली विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पर फायरिंग कर दी. जिसमें गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हुआ है. जिसे जिला अस्पताल भर्ती कराया है.
Rajasthan Breaking News LIVE: 85 साल की दलित महिला से रेप
भरतपुर में 85 साल की दलित महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, तन्त्र साधना के लिए बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म किया गया. आरोपी युवक और उसके पिता को पुलिस ने राउंडअप किया है. अब पुलिस तांत्रिक की तलाश कर रही है. आरोपी अलवर जिले के रहने वाले हैं.
Rajasthan Breaking News LIVE: खाटूश्यामजी में लक्खी फाल्गुनी मेले के आयोजन की तारीख पक्की
सीकर जिले के खाटूश्यामजी कस्बे के प्रसिद्ध बाबा श्याम की धार्मिक नगरी में बाबा श्याम के वार्षिक लक्खी फाल्गुनी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर मेला मजिस्ट्रेट कार्यालय में उपखंड अधिकारी मोनिका सामोर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. वार्षिक लक्खी फाल्गुनी मेला 21 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित होगा.
Rajasthan Breaking News LIVE: बारां जिले के शाहबाद में अतिक्रमण हटाने गए दस्ते पर पथराव
बारां जिले के शाहाबाद उपखंड क्षेत्र में अतिक्रमण निरोधक रास्ते पर पथराव हुआ है. दस्ते को बैरंग लौटना पड़ा है. आबादी क्षेत्र कलोनी गांव में हो रहे अतिक्रमण की शिकायत पर उपखंड स्तर का अतिक्रमण निरोधक दस्ता जेसीबी मशीन लेकर अवैध कब्जा हटाने के लिए गया था. लेकिन वहां पर विरोध हुआ और भीड़ ने इकट्ठा होकर दस्ते के वाहन पर पथराव कर दिया. ऐसे में दस्ते में मौजूद कार्मिक और अधिकारियों को मौके से अपनी जान बचाकर भागना पड़ा.
Rajasthan Breaking News LIVE: पिपलेश्वर महादेव मंदिर में दानपात्र को तोड़कर हुई चोरी
ब्यावर के छावनी रोड स्थित पिपलेश्वर महादेव मंदिर को निशाना बनाते हुए पर देर रात अज्ञात चोर ने मंदिर के दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी दान की नकदी चुराकर मौके से फरार हो गया. चोरी की पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी. चोरी की इस घटना की जानकारी क्षेत्र के युवाओं को लगने पर उन्होंने सीसीटीवी को खंगाला और चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए युवक के हुलिये के आधार पर कुछ की देर में उसे पकड़ लिया.
Rajasthan Breaking News LIVE: जयपुर में तेज रफ्तार का खौफनाक नजारा
टोंक रोड स्थित किसान मार्ग रेड लाइट पर गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे एक बेकाबू कार ने पांच वाहनों को टक्कर मार दी और आखिरकार मॉल की दीवार में जा घुसी. हादसे में दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं.आरोपी चालक शराब के नशे में था जिसे बजाज नगर थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.तेज रफ़्तार में ये कार टोंक रोड से सांगानेर की तरफ जा रही थी.फ्लाई ओवर से उतरते ही गाड़ी ने दो बाइक और तीन गाड़ियों को जबरदस्त टक्कर मारी और फिर एक कमर्शियल बिल्डिंग की दीवार में जा घुसी.टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कार सीधे बिल्डिंग की रेलिंग और दीवार से टकराकर रुकी.
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Rajasthan Breaking News LIVE: झुंझुनूं में अवैध खनन के विरोध में धरना जारी
झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी पंचायत समिति क्षेत्र के ग्राम हुकमपुरा, बामलास, खेदड़ों की ढाणी एवं खरबासों की ढाणी में जारी अवैध खनन के विरोध में ग्रामीणों द्वारा किया जा रहा धरना गुरुवार को भी जारी हैं. लंबे समय से चल रहे इस जन आंदोलन के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है. ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन के कारण क्षेत्र के पहाड़ों को भारी नुकसान पहुंच रहा है. साथ ही पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है, जल स्रोत प्रभावित हो रहे हैं और आमजन के जीवन पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. इसके बावजूद संबंधित विभागों और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए.
Rajasthan Breaking News LIVE: जयपुर में हुक्का क्लब पर पुलिस की रेड
जयपुर में पुलिस ने अवैध हुक्का क्लब पर छापेमारी की है. DST नार्थ और जालूपुरा थाना पुलिस ने छापा मारा है. यहां 27 से ज्यादा हुक्का, फ्लेवर सहित अन्य चीजें बरामद की है. पुलिस ने मैनेजर भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है.
Rajasthan Breaking News LIVE: कोटा में अतिक्रमण पर KDA का चला बुलडोजर
कोटा विकास प्राधिकरण की अतिक्रमण दस्ते की टीम ने आज बारां रोड पर दसलाना गांव में सिवायचक सरकारी भूमि पर लोगो द्वारा किये गए अवैध अतिक्रमण पर पिला पंजा चलाकर उसे मुक्त करवाकर अपना बोर्ड लगा दिया. अतिक्रमण दस्ते में कोटा विकास प्राधिकरण के अधिकारी पुलिस व होमगार्ड दस्ते में शामिल रहे. जैसे ही लवाजमा कार्रवाई के लिए पहुंचा तो पूरे इलाके में हड़कंप सा मच गया, क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण पर पीला पंजा चलाकर कार्यवाही की गई.
Rajasthan Breaking News LIVE: अनुपगढ़ में ACB की बड़ी कार्रवाई
अनूपगढ़ नगरपालिका में श्रीगंगानगर और बीकानेर की एसीबी की टीम के द्वारा स्टोर कीपर और अकाउंटेंट को 48000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार एक फर्म को अनूपगढ़ शहर से कचरा संग्रहण करने का 9 लाख 75 हजार रुपये का टेंडर हुआ था. संबंधित फर्म के द्वारा अक्टूबर महीने में कचरा संग्रहण का 4 लाख 9 हजार रुपए का बिल भुगतान के लिए नगर पालिका में दिया गया था. शिकायतकर्ता ने बताया कि चार लाख 9 हजार रुपए का बिल पास करने की एवज में स्टोर कीपर सुरेश कुमार और अकाउंटेंट सुनील कुमार के द्वारा 80 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी.
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आप एक भी गारंटी पूरी नहीं कर पाए- कांग्रेस विधायक
बूंदी से कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा ने राज्यपाल के अभिभाषण को झूठ बताया. उन्होंने कहा, "राज्यपाल से बीजेपी के नेतृ्त्व ने इतनी झूठ बुलवा दी, जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती. सरकार ने कहा कि हर गरीब को अन्न की गारंटी, हर हाथ को काम को गारंटी, हर घर में बिजली की गारंटी, हर महिला को सुरक्षा की गारंटी देगी. ये आपकी सरकार ने कहा है. मुझे अफसोस है कि आपने साल 2024 में भी गारंटी देने की बात कही थी. साल 2024 में एक भी काम नहीं करवा पाए."
सलूंबर में हादसा, भरभराकर ढही एनिकट की दीवार
सलूंबर जिले में एनिकट की दीवार ढह गई. ईसरवास पंचायत के मानपुरा क्षेत्र में निर्माणाधीन एनिकट की दीवार ढहने से मलबे में 5 मजदूर दब गए. दो मजदूरों की मौत हो गई और तीन मजदूर घायल हो गए. मजदूरों को रेस्क्यू कर हॉस्पिटल पहुंचाया.
साध्वी प्रेम बाईसा की मौत के मामले में बड़ा अपडेट
साध्वी प्रेम बाईसा के पिता महंत विरमनाथ ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि साध्वी को कुछ समय से खांसी-जुकाम की शिकायत थी. इस वजह से आश्रम में कंपाउंडर को बुलाया गया था. उसने एक इंजेक्शन लगाया, जिसके महज 5 मिनट बाद ही साध्वी प्रेम बाईसा ने दम तोड़ दिया. इसके बाद साध्वी को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जवाब दे दिया.
इस मामले में कंपाउंडर को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने कंपाउंडर से आवश्यक पूछताछ करने के साथ-साथ इंजेक्शन के खोल सहित संबंधित मेडिकल सामग्री को कब्जे में लिया है. साथ ही, आश्रम को सील कर दिया गया है. यहां पढ़िए साध्वी की मौत की मिस्ट्री से जुड़ी पूरी जानकारी
बाली विधायक बोले- गहलोत सरकार के राज में कई योजनाएं बंद हुई
बाली (पाली) विधायक पुष्पेंद्र सिंह ने केंद्र और राजस्थान सरकार की नीतियों की तारीफ की. वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार को नाकाम बताते हुए कहा, "प्राइवेट हॉस्पिटल में महिलाओं का फ्री इलाज नहीं है. पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के राज में शुरू हुई कई योजना को कांग्रेस सरकार ने बंद कर दिया था. राजे सरकार के दौरान शुरू हुई अन्नपूर्णा योजना को गहलोत सरकार ने इंदिरा रसाई योजना नाम देकर क्रेडिट लूटने की कोशिश की."
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बेढम का बयान
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला सभी को मान्य होता है. कोर्ट ने गुण-अवगुण के आधार पर आदेश दिए हैं और वह आदेश हम सभी को मान्य है. यूजीसी ने सर्कुलर जारी किया था. उस सर्कुलर के आने के बाद जो परिस्थितियां उत्पन्न हुई, उस सर्कुलर पर सुप्रीम कोर्ट ने अपना आदेश दिया है. सुप्रीम कोर्ट का आदेश सभी को मान्य है.
सदन 2 बजे तक स्थगित
विधानसभा की कार्यवाही लंच ब्रेक के लिए 2 बजे तक स्थगित की गई है.
मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित हो- बालमुकुंद आचार्य
विधायक बालमुकुंद आचार्य ने धर्म स्थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित सीमा में कने की मांग की. जयपुर शहर में तमाम बड़ी-बड़ी मस्जिदों पर 4–4, 5–5 मंजिले चढ़ाकर इमारत खड़ी करना, बड़े-बड़े लाउडस्पीकर उस पर लगे रहना, जिनकी आवाज़ से बहुत अधिक स्तर पर क्षेत्रवासियों को बहुत बड़ी समस्या का सामना करना पड़ता है. विद्यार्थी सुबह-सुबह पढ़ाई करते हैं. इनको इस तेज आवाज से डिस्टरबेंस पैदा होता है. सुबह 4 बजे से ही तेज आवाज में माइक पर आवाज आना शुरू हो जाती है, जिससे आम आदमी की नींद में भी खलल पड़ता है, जो उनके अधिकारों का हनन है.
उन्होंने कहा, "स्थानीय लोगों द्वारा मस्जिदों में जाकर लाउडस्पीकरों की आवाज कम करने के लिए आग्रह किया गया, लेकिन धर्म विशेष के लोग झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं. इससे क्षेत्र में माहौल बिगड़ने की स्थिति पैदा हो जाती है. मैं खुद भी पहले कई बार इस संबंध में शिकायत कर चुका हूं. लेकिन आज तक इस बारे में कोई भी दिशा निर्देश जारी नहीं किए गए हैं."
विधायक ने कहा कि रमजान महीने में तो हालत यह हो जाती है कि अतिरिक्त लाउडस्पीकर लगाकर आवाज दी जाती है. पूरी कॉलोनी में भी अतिरिक्त लाउडस्पीकर लगा दिए जाते हैं. आवाज और ज्यादा तेज कर दी जाती है, कॉलोनी में बीमार, बुजुर्ग लोगों को भी तकलीफ होती है.
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने की ये टिप्पणी
चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने मामले की सुनवाई की. CJI सूर्य कांत ने टिप्पणी की, “75 साल बाद क्या हम एक वर्गहीन समाज बनने के लिए जो कुछ भी हासिल कर पाए हैं, क्या हम उससे पीछे जाते हुए प्रतिगामी समाज बनते जा रहे हैं?” सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने समाज में बढ़ती वर्गीय और पहचान आधारित विभाजन की प्रवृत्तियों पर गंभीर चिंता जताई.
रैगिंग में सबसे बुरा यह हो रहा है कि दक्षिण भारत या पूर्वोत्तर से आने वाले बच्चे अपनी संस्कृति लेकर आते हैं और जो लोग उस संस्कृति से परिचित नहीं होते, वे उन पर टिप्पणियां करने लगते हैं
CJI सूर्यकांत ने कहा कि भगवान के लिए! आज हमारे समाज में अंतर-जातीय शादियां भी हो रही हैं. हम खुद हॉस्टल में रहे हैं. जहां सभी लोग एक साथ रहते थे. कुछ कानूनविदों की कमेटी इस पर विचार करें.
यूजीसी के नए नियम अस्पष्ट- सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट में यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ दाखिल याचिका पर सुनवाई जारी है. शीर्ष अदालत ने कहा कि यूजीसी के नए नियम अस्पष्ट हैं और इसके दुरुपयोग का खतरा है.
चांदी की फोर्थ सेंचुरी, सोना भी डबल सेंचुरी की ओर
जयपुर सर्राफ़ा बाज़ार में आज चांदी 27,000 रुपये और सोना 15,500 रुपये महंगा हुआ. जयपुर सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी की ओर से जारी किए गए भाव आज शुद्ध सोने की कीमत 184,000 रुपये प्रति दस ग्राम रही. जेवरात सोना 172,000 रुपये प्रति दस ग्राम रहा.
गहलोत बोले- देर रात तक शराब की बिक्री से अपराध बढ़ेगा
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि देर रात तक शराब की बिक्री सीधे तौर पर अपराध और महिलाओं के विरुद्ध असुरक्षा को बढ़ावा देती है. इसी को रोकने के लिए हमने कड़ा फैसला लेकर समय सीमा 8 बजे तय की थी. मुझे आज भी याद है कि इस फैसले का पूरे प्रदेशभर में खासकर माताओं और बहनों ने जोरदार स्वागत किया था.
भाजपा सरकार का शराब बिक्री का समय बढ़ाने का विचार अत्यंत चिंताजनक और जनविरोधी है. नैतिकता और सामाजिक सरोकारों को ताक पर रखकर लिए जाने वाले ऐसे निर्णयों का हम कड़ा विरोध करते हैं. राज्य सरकार को ऐसा कोई निर्णय नहीं लेना चाहिए, जो सीधा महिला सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए खतरा बने.
शराब की दुकान खोलने का समय बढ़ाने पर चर्चा
हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रेवेन्यू का नुकसान होने जैसी बात आई थी. कुछ लोगों ने सरकार के सामने ऐसी बात रखी है कि दुकान खोलने का समय बढ़ा दिया जाए. लेकिन अभी तक सरकार ने इस बारे में कुछ तय नहीं किया है. इस विषय की समीक्षा करने और मंथन में समय लगेगा. अभी तक सरकार की तरफ से शराब की दुकान खोलने का समय बढ़ाने पर कोई फैसला नहीं किया गया है. विधायक ने कहा कि इस विषय में कुछ भी कहना अभी जल्दबाजी होगी.
जयपुर में लेपर्ड के मूवमेंट का मुद्दा सदन में गूंजा
जयपुर के रिहायशी इलाके में लेपर्ड के मूवमेंट पर विधायक कालीचरण सराफ ने प्रश्न लगाया कि क्या 100 नंबर की तर्ज पर वन विभाग भी कोई हेल्पलाइन शुरू करेगा? वन मंत्री संजय शर्मा ने जवाब दिया कि एक महीने के भीतर 1926 नम्बर की हेल्पलाइन शुरू होगी. इस वित्त वर्ष में कोई नीति बनाएंगे, ताकि लेपर्ड का मूवमेंट शहर के अंदर नहीं हो.
कोटा में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को लेकर सवाल
कोटा दक्षिण से विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि 727 आंगनबाड़ी केंद्र एक कमरे में स्थापित है. उन्होंने पूछा कि क्या इन केंद्रों में पोषण वाटिकाओं के विकास की कोई योजना है? उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में पोषण अभियान के तहत नवाचार के तहत पोषण वाटिकाएं स्थापित की गई थी. केंद्र सरकार के सहयोग से यह वाटिका विकसित की जा रही है.
साथ ही विधायक ने कहा कि पिछली बार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 10% की बढ़ोतरी की गई थी, लेकिन वर्तमान समय में यह बढ़ोतरी पर्याप्त नहीं है.
सरकार धर्म की रक्षा कर पाने में नाकाम- कांग्रेस विधायक
कांग्रेस विधायक अमीन कागज़ी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि जब मैं पहली बार विधायक बना था और किशनपोल में जब बहुत सारे मंदिर सड़क पर आ रहे थे. स्मार्ट सिटी ने बहुत सारी मूर्तियां हटा दी थी और वह थानों में रखी थी. तब 2013 में वसुंधरा राजे की सरकार थी, मैंने खुद अधिकारियों से बात की.
फुटपाथ से मंदिर और धर्म स्थल हटाने पर कोर्ट के आदेश पर बोले कि सरकार इस मामले में सही तरीके से पैरवी नहीं कर पा रही. सरकार की कथनी और करनी में बहुत अंतर है. यह सरकार किसी की सगी नहीं."
विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने खाद्य सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे
- क्या सरकार परिवार के सदस्यों के आधार पर खाद्य सामग्री बढ़ाने की योजना पर विचार कर रही है?
- साथ ही क्या गुणवत्ता बढ़ाने पर विचार कर रही है?
सदन में पेश होंगी ये रिपोर्ट
- राजस्थान जन आधार प्राधिकरण के वर्ष 2021-22 से 2024-25 तक की रिपोर्ट.
- परिवहन निगम का वर्ष 2024-25 का वार्षिक प्रतिवेदन.
- पाठ्य पुस्तक मण्डल का साल 2024-25 की ऑडिट रिपोर्ट.
- जल विकास निगम लिमिटेड का 41वां वार्षिक प्रतिवेदन.
- राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर समेत कई जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के साल 2022-23 के लेखा परीक्षा प्रतिवेदन.
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
- भरतपुर के लोहागढ़ किले के निवासियों को स्थानीय प्रशासन की ओर से नोटिस का मामला.
- वित्त विभाग की ओर से राजस्थान लोक उपक्रमों में पारदर्शिता अधिनियम और नियमों में संशोधन से जुड़ी अधिसूचनाएं.
- गृह विभाग की ओर से आवश्यक अनुरक्षण सेवा अधिनियम के तहत जारी अधिसूचनाएं.
- 108 आपातकालीन सेवाएं, 104 जननी एक्सप्रेस, ममता एक्सप्रेस, चिकित्सा परामर्श और कॉल सेंटर सेवाओं को आवश्यक सेवा घोषित करने का मामला.
राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही शुरू
राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो चुकी है. सदन में कांग्रेस के विधायकों ने जोरदार हंगामा किया. विपक्षी दल के सदस्यों ने सवाल पूछते हुए कहा कि सरकार सिर्फ हां या ना में जवाब दे.
कुछ देर बाद होगा साध्वी प्रेम बाईसा के शव का पोस्टमार्टम
साध्वी प्रेम बाईसा के शव का पोस्टमार्टम कुछ देर बाद जोधपुर स्थित महात्मा गांधी अस्पताल में होगा. साध्वी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला गरमाया हुआ है. पुलिस के उच्च अधिकारी मामले पर नजर बनाए हुए हैं. सुसाइड नोट को इंस्टाग्राम पर शेयर जाने से लेकर घटना से जुड़े हर एंगल पर बारीकी से जांच की जा रही है. एसीपी छवी शर्मा ने बताया कि इस मामले में साइबर एक्सपर्ट की भी मदद ली जा रही है. (इनपुट- अरुण हर्ष)
पोकरण में डेजर्ट फेस्टिवल का आज से आगाज
डेजर्ट फेस्टिवल (मरु महोत्सव) का आगाज आज (29 जनवरी) पोकरण में पूजा-अर्चना से हुआ. नेपालेश्वर महादेव मंदिर में कलेक्टर प्रताप सिंह, एसपी अभिषेक शिवहरे और भाजपा नेता मनीष पुरोहित शिव पूजन कर रहे हैं. पोकरण फोर्ट से राजकीय विद्यालय मैदान तक शोभायात्रा निकाली जा रही है. इस महोत्सव में अगले 4 दिन लोक संस्कृति का संगम दिखेगा.
यहां देखें पूरा शेड्यूल
'मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना' में गंभीर खामियां
'मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना' में गंभीर खामियां सामने आई हैं. पिछले 4 महीनों के भीतर 48 करोड़ रुपए से अधिक के इलाज के क्लेम खारिज कर दिए गए हैं. इस मामले को गंभीर मानते हुए चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रदेश के 28 सरकारी अस्पतालों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है.
चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने बताया कि अस्पतालों में समय पर और सही तरीके से क्लेम प्रक्रिया पूरी नहीं की गई. कई मामलों में इलाज से जुड़े दस्तावेज अधूरे भेजे गए तो कई मामलों में तय समय सीमा में क्लेम अपलोड ही नहीं किया गया. बीमा कंपनी के क्लेम खारिज किए जाने के बाद भी कई अस्पतालों ने सुधार कर दोबारा क्लेम भेजने की कोशिश नहीं की.
विभागीय दस्तावेजों के मुताबिक, क्लेम रिजेक्शन दर 48.38 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे विभाग ने गंभीर माना है. इस तरह की लापरवाही से राज्य सरकार को हर महीने करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान हो रहा है.
कोहरे की चादर में लिपटा कोटपूतली
कोटपूतली-बहरोड़ में घना कोहरा छाया है. कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित रहा. विजिबिलिटी बेहद कम रही, हालात ऐसे थे कि 10 मीटर की दूरी पर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था. हाईवे पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर रेंगते हुए वाहन निकालने पड़े. कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया. कोहरे और ओस की बूंदों से फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे किसानों के चेहरे खिले हैं.
सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस की रणनीति तैयार
कांग्रेस ने विधानसभा में सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर ली है. जयपुर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक के दौरान चर्चा हुई. कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान ने कहा कि सरकार हर मोड़ पर विफल है और उसके पास जनता के सवालों का कोई जवाब नहीं है. चाहे शिक्षा का मुद्दा हो, बिजली और पानी से जुड़े सवाल हों या फिर बुनियादी सुविधाओं के विषय हों, सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है.
उन्होंने कहा कि मनरेगा के मामले में भी सरकार पूरी तरह विफल है. भाजपा ने मनरेगा की हत्या की है और कांग्रेस मनरेगा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं होने देगी. मनरेगा का मूल स्वरूप वापस लाया जाएगा और इस मुद्दे पर सरकार को सदन में घेरा जाएगा.
SIR को लेकर कहा कि जिस तरह से फॉर्म बांटे गए, उन्हें किसने रिसीव किया, इसका कोई अता-पता नहीं है. भाजपा की सरकार में ब्यूरोक्रेसी डरी हुई है और दबाव में काम कर रही है.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि उत्तर दिशा से चलने वाली तेज हवाओं के कारण तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. इसके अलावा, 31 जनवरी और एक फरवरी को राज्य के उत्तरी व पूर्वी भागों में एक और नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. जिसके प्रभाव से कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. यहां क्लिक कर पढ़ें राजस्थान के मौसम का हाल.