पश्चिम एशिया में बने तनावपूर्ण हालातों को देखते हुए राजस्थान सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को उच्च स्तरीय बैठक कर प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता की समीक्षा की. मुख्य सचिव ने कहा कि राजस्थान में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. आमजन को किसी भी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रखी जाए और किसी को परेशानी न हो.
व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी शुरू
मुख्य सचिव ने बताया कि देश में एलपीजी उत्पादन बढ़ने और अन्य क्षेत्रों से आपूर्ति सुधरने से स्थिति में सुधार हुआ है. घरेलू उपभोक्ताओं, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति जारी है. व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी शुरू हो चुकी है. बैठक में उर्वरकों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई. मुख्य सचिव ने कहा कि यूरिया और डीएपी समेत सभी उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक है. किसानों को किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी. कालाबाजारी और डाइवर्जन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
अगले महीने 5 लाख पीएनजी कनेक्शन का लक्ष्य
मुख्य सचिव ने पीएनजी कनेक्शन के विस्तार पर भी दिया. उन्होंने कहा कि पीएनजी कनेक्शन के लक्ष्य को पूरा किया जाए. अगले महीने अप्रैल में 5 लाख पीएनजी कनेक्शन का लक्ष्य पूरा किया जाए. इससे एलपीजी पर दबाव कम होगा.
निर्देश- फेक न्यूज पर लगे रोक
बैठक में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और अन्नपूर्णा रसोई योजना के सुचारू संचालन पर विशेष जोर दिया गया. बाजारों में कीमतों की निगरानी, अवैध भंडारण पर सख्ती और फेक न्यूज का तत्काल खंडन करने के निर्देश दिए गए. मुख्य सचिव ने खाड़ी देशों में रह रहे राजस्थानी प्रवासियों से संपर्क बनाए रखने और उनके लिए 24 घंटे हेल्पलाइन सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए.
यह भी पढ़ेंः टीकाराम जूली ने राजेंद्र राठौड़ को घेरा, बोले- वो प्रासंगिकता बचाने के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं