राजस्थान लोक सेवा आयोग की सीनियर टीचर (माध्यमिक शिक्षा विभाग) भर्ती परीक्षा-2024 के विज्ञान विषय से जुड़ी बड़ी और हैरान करने वाली जानकारी सामने आई है. विज्ञान विषय में कुल 350 पदों के लिए भर्ती निकाली गई थी, लेकिन पात्रता जांच के बाद केवल 296 अभ्यर्थियों को ही योग्य माना गया है, जबकि इस विषय के लिए 1 लाख 68 हजार 206 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. इससे साफ है कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी न्यूनतम योग्यता तक भी नहीं पहुंच पाए.
अभ्यर्थी अयोग्य घोषित
9 सितंबर, 2025 को प्रदेश के 25 जिला मुख्यालयों पर आयोजित इस परीक्षा में 1 लाख 17 हजार 364 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिसमें से केवल 296 अभ्यर्थी ही परीक्षा पास कर पाए. बाकी फेल हो गए. RPSC के अनुसार, परीक्षा में 10% से अधिक प्रश्नों में पांच विकल्पों में से कोई भी विकल्प नहीं भरने के कारण 359 उम्मीदवारों को सीधे अयोग्य घोषित कर दिया गया. इसके अलावा आयोग ने बताया कि अधिकांश अभ्यर्थी न्यूनतम अंक (Minimum Marks) भी प्राप्त नहीं कर सके, जिसके चलते चयन सूची बेहद सीमित रह गई.
कई आरक्षित वर्गों से एक भी चयन नहीं
इस भर्ती में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि एसटी सामान्य, महिला और विधवा श्रेणी से एक भी अभ्यर्थी चयनित नहीं हुआ. इसी तरह एससी महिला, विधवा, दिव्यांग और एक्स-सर्विसमैन कोटे से भी कोई चयन नहीं हुआ है. अब ऐसी स्थिति में संभावना जताई जा रही है कि RPSC शेष रिक्त पदों को लेकर सरकार को रिपोर्ट भेजेगा. आगे चलकर इन पदों को या तो अगली भर्ती में जोड़ा जा सकता है, या फिर विशेष नियमों के तहत दोबारा प्रक्रिया अपनाई जा सकती है. फिलहाल शिक्षा विभाग में विज्ञान शिक्षकों की कमी बने रहने की आशंका है.
यह भी पढ़ें: अधिकारियों पर भड़के किरोणी लाल मीणा, बोले- चोर हो, लुटेरों...तुमने देश को खा लिया; शर्म नहीं आती