Rajasthan: बूंदी के लाखेरी स्टेशन यार्ड में मालगाड़ी के तीन डिब्बे बेपटरी, शंटिंग के दौरान हादसा

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हादसा मुख्य ट्रैक पर नहीं बल्कि यार्ड लाइन में हुआ, इसलिए यात्री ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा और सभी ट्रेनें निर्धारित समय के अनुसार चलती रहीं

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Bundi News: बूंदी जिले के लाखेरी रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया. स्टेशन यार्ड में शंटिंग के दौरान खाली मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए. घटना के समय मालगाड़ी स्टेशन यार्ड से लाखेरी स्थित सीमेंट फैक्ट्री की ओर जा रही थी. हादसा यार्ड के भीतर होने और डिब्बे खाली होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और मुख्य रेल संचालन भी प्रभावित नहीं हुआ. रेलवे सूत्रों के अनुसार मालगाड़ी के डिब्बों को यार्ड से आगे भेजने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी यार्ड नंबर 8 लाइन पर शंटिंग के दौरान तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए.

तेज आवाज के साथ डिब्बे एक ओर झुक गए

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज आवाज के साथ डिब्बे एक ओर झुक गए, जिससे कुछ समय के लिए कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में हलचल मच गई.

हादसा मुख्य ट्रैक पर नहीं बल्कि यार्ड लाइन में हुआ

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हादसा मुख्य ट्रैक पर नहीं बल्कि यार्ड लाइन में हुआ, इसलिए यात्री ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा और सभी ट्रेनें निर्धारित समय के अनुसार चलती रहीं. हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की लाइनों पर कुछ समय तक अतिरिक्त सतर्कता बरती गई.

तकनीकी टीम को लाखेरी भेजा गया

घटना के बाद कोटा से दुर्घटना राहत वाहन (एआरटी) और तकनीकी टीम को लाखेरी भेजा गया. टीम ने डिब्बों को दोबारा ट्रैक पर चढ़ाने और तकनीकी जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में शंटिंग के दौरान तकनीकी या ट्रैक संबंधी गड़बड़ी की आशंका जताई गई है, जबकि वास्तविक कारण विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएंगे. रेलवे प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- बीकानेर में 13 साल की मासूम की हत्या, गहलोत बोले- 'पर्ची सरकार' में कानून व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है