मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में कब शुरू होगी टाइगर सफारी? किस गेट से मिलेगी एंट्री; आ गया अपडेट

सफारी संचालन से पहले सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैकिंग सिस्टम और पर्यटकों की सुविधा से जुड़े तमाम पहलुओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. झालावाड़ के नौलाव में सफारी गेट बनने से आसपास के ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में कब शुरू होगी टाइगर सफारी

Rajasthan News: झालावाड़ जिले के लिए पर्यटन और रोजगार की दृष्टि से बड़ी खुशखबरी है. मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व परियोजना (Mukundra Hills Tiger Reserve Project) के तहत जल्द ही टाइगर सफारी की शुरुआत होने जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, मार्च महीने में झालावाड़ के नौलाव क्षेत्र से सफारी का प्रवेश द्वार आमजन के लिए खोल दिया जाएगा. कोटा जिले के दरा क्षेत्र में सफारी का पहला गेट पहले ही बनकर तैयार हो चुका है, जबकि झालावाड़ के नौलाव में दूसरा गेट लगभग अंतिम चरण में है. इसके साथ ही परियोजना क्षेत्र में सफारी के लिए आवश्यक मार्गों का निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया गया है. 

मध्यप्रदेश से एक बाघिन लाने की तैयारी

वर्तमान समय में मुकुंदरा टाइगर रिजर्व क्षेत्र में चार बाघ मौजूद हैं. वन विभाग द्वारा अब मध्यप्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से एक बाघिन लाने की तैयारियां की जा रही हैं, जिससे यहां बाघों की संख्या में वृद्धि हो सके और प्राकृतिक प्रजनन को बढ़ावा मिले. वन्यजीव परियोजना से जुड़े अधिकारी लगातार पूरे मामले पर निगरानी बनाए हुए हैं. सफारी संचालन से पहले सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैकिंग सिस्टम और पर्यटकों की सुविधा से जुड़े तमाम पहलुओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. 

झालावाड़ के नौलाव में सफारी गेट बनने से आसपास के ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है. स्थानीय युवाओं को गाइड, वाहन चालक, होटल व्यवसाय, हस्तशिल्प और अन्य पर्यटन सेवाओं से जोड़ने की योजना पर भी काम किया जा रहा है. इस परियोजना से झालावाड़ जिले को पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिलने जा रही है, जिससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी. 

कलेक्टर खुद प्रोजेक्ट की कर रहे मॉनिटरिंग

पूरे प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग खुद झालावाड़ जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ कर रहे हैं. वहीं वन विभाग और राज्य स्तर के अधिकारी समय-समय पर प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं ताकि सफारी संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए. पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और सांसद दुष्यंत सिंह की इस महत्वाकांक्षी परियोजना में विशेष रुचि रही है. वसुंधरा राजे के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान ही मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व को संवैधानिक दर्जा मिला था, जिसके बाद यह परियोजना तेजी से आगे बढ़ी. 

Advertisement

सफारी शुरू होने की खबर से झालावाड़ सहित पूरे हाड़ौती क्षेत्र में उत्साह का माहौल है. वर्षों से लंबित इस परियोजना के साकार होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि वन्यजीव संरक्षण को भी नई दिशा मिलेगी. अब उम्मीद की जा रही है कि मार्च महीने में जैसे ही नौलाव गेट से सफारी का शुभारंभ होगा, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व देश के प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बना लेगा.