केंद्रीय रक्षा मंत्र राजनाथ सिंह ने जोधपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के कामकाज की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद वे पर्यवेक्षक बनकर राजस्थान आए थे. विधायकों ने भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री चुना था. राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही भजनलाल शर्मा लगातार राजस्थान के विकास की गति को आगे बढ़ाने में जुटे हुए हैं. वे लगातार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उनका निवारण कर रहे हैं.
दो साल के कार्यकाल में तेजी से बढ़ना सामान्य नहीं
उन्होंने कहा कि वे खुद भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्हें प्रशासन चलाने का अनुभव है लेकिन सिर्फ दो साल के कार्यकाल में किसी भी प्रदेश के विकास की गति को इतनी तेजी से आगे बढ़ाना कोई सामान्य बात नहीं है. राजनाथ सिंह ने कहा कि राजस्थान में विकास कार्यों को जिस रफ्तार से आगे बढ़ाया जा रहा है वह सराहनीय है.
अंत्योदय योजना की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना
केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जोधपुर में आयोजित समारोह में कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री रहते हुए, स्व. भैरोसिंह शेखावत द्वारा शुरू की गई अंत्योदय योजना की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई. उनका उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को संबल देना था. उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे भैरोसिंह शेखावत के अंत्योदय और जनसेवा के मार्ग पर चलते हुए गांवों तक जाकर आमजन से संवाद कर रहे हैं तथा प्रदेश के विकास के नए आयाम दे रहे हैं.
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिछले 2 वर्षों से राजस्थान शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और आधारभूत सुविधाओं सहित सभी क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भजनलाल शर्मा सफल एवं कामयाब मुख्यमंत्री के तौर पर जाने जाएंगे.
यह भी पढ़ेंः NEET Case: CBI ने दिनेश और मांगीलाल के घर-फार्महाउस पर की 4 घंटे तलाशी, जानें जांच में क्या-क्या हुआ