RPSC SI भर्ती 2021: राजस्थान लोक सेवा आयोग ने उप-निरीक्षक (एसआई) भर्ती 2021 की पुनः परीक्षा के लिए तैयारी कर ली है. आयोग ने 20 सितंबर 2026 को परीक्षा कराने की योजना बनाई है. इस बीच उन अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है जिन्होंने अब तक अपने आवेदन फॉर्म में संशोधन या केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं की है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया को अपडेट करने की अंतिम तिथि 30 मई है. यदि आप इस तारीख तक फॉर्म में अनिवार्य सुधार और सहमति दर्ज नहीं करते हैं तो आपका आवेदन स्वतः निरस्त माना जाएगा.
यह प्रक्रिया उन सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य है जिन्होंने पूर्व में परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्र दिए थे. जिन अभ्यर्थियों के आवेदन में कोई बदलाव नहीं है उन्हें भी फॉर्म एडिट मोड में जाकर लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान के लिए सहमति देकर ओटीपी के जरिए फाइनल सबमिट करना होगा.
पुराना रिकॉर्ड ढूंढना हुआ आसान
अक्सर देखा गया है कि पांच साल का लंबा समय बीत जाने के कारण कई अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी या एसएसओ आईडी बदल गए हैं. इससे उन्हें अपना पुराना आवेदन खोजने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. अभ्यर्थियों की इसी समस्या को देखते हुए आयोग ने बड़ा कदम उठाया है. अब आप आरपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि के जरिए अपना आवेदन क्रमांक और मूल एसएसओ आईडी प्राप्त कर सकते हैं.
जानें कैसे करें आवेदन अपडेट
यदि आपने अपनी एसएसओ आईडी बदल ली है तो आपको 'फेच एप्लीकेशन' विकल्प का उपयोग करके पुराने रिकॉर्ड को अपनी नई प्रोफाइल में ट्रांसफर करना होगा. मोबाइल नंबर और ईमेल अपडेट करने की सुविधा आयोग के कार्यालय में निःशुल्क उपलब्ध है. पूरी प्रक्रिया को सरलता से समझने के लिए आयोग की वेबसाइट पर गाइडलाइंस और डेमो वीडियो भी मौजूद हैं. ध्यान रहे कि परीक्षा की शुचिता भंग करने के मामलों में शामिल अभ्यर्थियों को फिलहाल इस अपडेट प्रक्रिया से दूर रखा गया है.
यह भी पढ़ें- गोवर्धन महाराज की 84 कोस परिक्रमा मार्ग पर लगी भीषण आग, इलाके की बिजली बंद; मचा हड़कंप