कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ओर टोंक से विधायक सचिन पायलट रविवार की शाम अपने दो दिवसीय दौरे पर टोंक पंहुचे. इस दौरान टोंक में सचिन पायलट ने राजस्थान की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ढाई साल में कोई प्रभाव नहीं छोड़ पाई है और अफसरशाही पूरी तरह हावी है. उन्होंने कहा कि विपक्ष को कोसने के अलावा सरकार ने कोई काम नहीं किया है. सरकार की मंशा पंचायत राज चुनाव कराने की नहीं है. क्योंकि उसे अपनी हार का डर सता रहा है.
देवपुरा में पुस्तकालय का लोकार्पण
सचिन पायलट ने रविवार को देवपुरा, हरचंदेड़ा, भरनी व सोनवा समेत कई गांवों में ग्रामीणों से सम्पर्क किया और समस्याएं सुनीं. उन्होंने देवपुरा में पुस्तकालय का लोकार्पण किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद लगातार चुनाव टाले जा रही है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अभाव में जनता के रोजमर्रा के काम रूके हुए हैं.
सरकार की नियत ग्रामीणों क्षेत्रों के विकास की बिल्कुल भी नहीं है. भाजपा को पता है कि अगर चुनाव हुए तो जनता भाजपा को आईना दिखाने का काम करेगी, इसलिए लगातार कोई न कोई बहाना बनाकर पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव टाले जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि मनरेगा के काम बंद पडे हैं. सरकार ने मनरेगा की प्रक्रिया को जटिल बनाकर मनरेगा को कमजोर करने का काम किया है, जिससे गांवों का विकास अवरूद्ध हो रहा है.
असम के मुख्यमंत्री पर क्या बोले पायलट
सचिन पायलट ने कहा कि केरल विधानसभा का कार्यकाल मई तक था, लेकिन निर्वाचन आयोग ने जल्दबाजी में चुनाव घोषित कर दिए. उन्होंने कहा कि कम समय मिलने के बावजूद कांग्रेस ने मजबूती से चुनाव लड़ा और बेहतर परिणाम की उम्मीद है. उन्होंने दावा किया कि केरल, पुडुचेरी और असम में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है और वहां सरकार बनने की पूरी संभावना है.
असम को लेकर उन्होंने कहा कि वहां के मुख्यमंत्री की ओर से लगाए जा रहे आरोप और अभद्र भाषा यह दर्शाती है कि वह घबराए हुए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि असम पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है और विपक्ष पर कार्रवाई की जा रही है. केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पायलट ने कहा कि भाजपा 12 साल से सत्ता में है, लेकिन घुसपैठ जैसे मुद्दों पर ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है, जबकि सभी एजेंसियां और संसाधन उसके पास हैं. किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और वे पूरे साल मेहनत करते हैं, लेकिन नुकसान होने पर उन्हें समय पर मदद नहीं मिलती.
यह भी पढे़ं-
"हमने कोई योजना बंद नहीं की, कांग्रेस फैला रही भ्रम", डिप्टी सीएम बैरवा ने गहलोत पर किया पलटवार