विज्ञापन

सवाई माधोपुर में दरिंदगी: पैर काटकर चांदी के कड़े लूटे, गर्दन रेती; शव सड़क पर रख धरने पर बैठीं विधायक इंदिरा मीणा

सवाई माधोपुर में बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या से हड़कंप मचा हुआ है. इंसाफ की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर विधायक इंदिरा मीणा धरने पर बैठी हुई हैं. पढ़ें पूरी खबर.

सवाई माधोपुर में दरिंदगी: पैर काटकर चांदी के कड़े लूटे, गर्दन रेती; शव सड़क पर रख धरने पर बैठीं विधायक इंदिरा मीणा
सवाई माधोपुर मर्डर: पैर काटकर चांदी लूटी, इंसाफ के लिए सड़क पर बैठीं विधायक इंदिरा मीणा
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. यहां बौंली थाना क्षेत्र के कोडयाई गांव में लुटेरों ने जेवरात के लिए एक 60 साल की बुजुर्ग महिला की नृशंस हत्या कर दी. लुटेरों की दरिंदगी का आलम यह था कि उन्होंने चांदी के कड़े निकालने के लिए महिला के दोनों पैर काट दिए और गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव है और बामनवास विधायक इंदिरा मीणा शव के साथ रातभर से सड़क पर धरने पर बैठी हैं.

14 लाख के जेवर के लिए 'कत्लेआम'

मृतक महिला कमला देवी (60) मंगलवार को गांव के पास के जंगल में बकरियां चराने गई थी. अज्ञात लुटेरों ने जंगल में उसे अकेला पाकर हमला बोल दिया. लुटेरों की नजर महिला द्वारा पहने गए करीब ढाई किलो चांदी के कड़ों और 5 तोले सोने के जेवरात पर थी. दरिंदों ने चांदी के कड़े निकालने के लिए महिला के दोनों पैर कुल्हाड़ी से काटकर अलग कर दिए और गर्दन रेत दी. लुटेरे करीब 13 से 14 लाख रुपये के जेवर लूटकर फरार हो गए.

बेटे ने देखा मां का क्षत-विक्षत शव

घटना का खुलासा तब हुआ जब शाम को बकरियां तो लौट आईं, लेकिन कमला देवी घर नहीं पहुंचीं. घबराया हुआ बेटा हंसराज जब जंगल पहुंचा, तो वहां का मंजर देखकर उसकी चीख निकल गई. मां का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था और कटे हुए पैर पास ही पड़े थे. जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए.

ट्रैक्टर-ट्रॉली में शव, रातभर सड़क पर बैठी रहीं विधायक

वारदात से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखा और जस्टाना बाईपास सड़क पर जाम लगा दिया. सूचना मिलते ही बामनवास विधायक इंदिरा मीणा मौके पर पहुंचीं और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गईं. कड़ाके की ठंड के बावजूद विधायक और ग्रामीण रातभर सड़क पर डटे रहे. ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शव नहीं उठाएंगे.

'बीजेपी राज में महिलाएं सुरक्षित नहीं'— इंदिरा मीणा

धरने पर बैठीं विधायक इंदिरा मीणा ने सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, 'बीजेपी राज में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं. मेरे क्षेत्र में यह तीसरी बड़ी घटना है. जाहिरा और सितोड़ में भी ऐसी ही लूट और हत्या हुई, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है.' विधायक ने आरोप लगाया कि प्रशासन को बार-बार आगाह करने के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं.

पुलिस छावनी बना इलाका, वार्ता बेनतीजा

मंगलवार शाम से ही एसपी सहित पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. कई दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं. बुधवार को भी कोशिश जारी है. वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नील कमल मीणा के नेतृत्व में पुलिस की टीमें बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक हत्यारे पुलिस की पकड़ से दूर हैं.

ये भी पढ़ें:- 'खेजड़ी बचाओ आंदोलन' को मिला अशोक गहलोत का समर्थन, पूर्व CM ने भजनलाल सरकार से कर दी ये बड़ी मांग

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close