विज्ञापन
This Article is From Aug 23, 2025

सवाई माधोपुर में भारी बारिश से हाहाकार, नेशनल हाईवे पर आवाजाही बंद; त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने पर भी रोक

राजस्थान के सवाई माधोपुर में भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई है. जिसमें कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं, फसलें बर्बाद, सड़कें बंद और रणथंभौर के रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं. जिले में प्रशासन अलर्ट पर है और राहत कार्य जारी हैं. 

सवाई माधोपुर में भारी बारिश से हाहाकार, नेशनल हाईवे पर आवाजाही बंद; त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने पर भी रोक
सवाईमाधोपुर में बाढ़ जैसे हालत हो गए हैं.

Rajasthan News: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई है. बारिश के कारण जिले के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं. सूरवाल, मच्छीपुरा, शेषा, अजनोटी सहित एक दर्जन से अधिक गांवों में पानी भर गया है. घरों में पानी घुसने से लोगों का जीवन मुश्किल हो गया है. सूरवाल बांध में पानी की लगातार आवक से बांध पर चादर चल रही है, जिसके कारण निचले इलाकों में बसे गांव जलमग्न हो गए हैं. कई जगहों पर दो से तीन फीट पानी भरा है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप है.

किसानों की फसलें बर्बाद, सड़कें बंद

लगातार बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया. खेतों में पानी भरने से फसलें तबाह हो गईं. जडावता गांव में खेतों में गहरी खाइयां बन गईं. बिलोपा तालाब की पाल टूटने से आसपास के गांवों में पानी घुस गया. लालसोट-कोटा मेगा हाइवे पर सूरवाल बांध के ओवरफ्लो का पानी बह रहा है, जिससे हाइवे पर यातायात रुका हुआ है.

Latest and Breaking News on NDTV

बोदल उघाड़ पुलिया, डिडायच रपट, ओलवाड़ा मलारना स्टेशन और भूरीपहाड़ी हाड़ौती बनास रपट पर जलभराव के कारण आवागमन बंद है. टोंक-शिवपुरी हाइवे पर बोदल पुलिया टूटने से भी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

रणथंभौर में रास्ते क्षतिग्रस्त, त्रिनेत्र गणेश मार्ग बंद

रणथंभौर में भारी बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए. त्रिनेत्र गणेश मार्ग तेज पानी के बहाव से जगह-जगह टूट गया है. मिश्रदर्रा गौमुखी के पास गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे इस रास्ते पर चलना खतरनाक हो गया है. वन विभाग ने इस मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया है.

Latest and Breaking News on NDTV

जिला कलेक्टर काना राम ने 26 से 28 अगस्त तक होने वाले त्रिनेत्र गणेश लक्खी मेले के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से रणथंभौर न आने की अपील की है. उन्होंने कहा कि जब तक बारिश रुकेगी और रास्ते ठीक नहीं होंगे, तब तक यात्रा टाल दें.

प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी

जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की हैं. जिला कलेक्टर काना राम ने लोगों से पानी वाली जगहों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है. प्रशासन बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है. बिजली संकट और जलभराव से जूझ रहे लोगों के लिए राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं.

यह भी पढ़ें- Jhalawar News: घटिया सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया तो, अपनी ही पार्टी के नेता पर भड़क गए BJP विधायक 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close