Kota News: राजस्थान के कोटा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां आरएसी (RAC) की दूसरी बटालियन में तैनात एक जांबाज कांस्टेबल ने अपने ही सरकारी आवास में फंदा लगाकर जान दे दी. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जब कांस्टेबल प्रेम शंकर ने यह आत्मघाती कदम उठाया, उस वक्त पत्नी किचन में खाना बना रही थी और बच्चे दूसरे कमरे में खेल रहे थे. इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
ड्यूटी से लौटते ही लगा लिया फंदा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक कांस्टेबल प्रेम शंकर बूंदी जिले के करवर का रहने वाला था. गुरुवार रात को ड्यूटी पूरी कर रोल कॉल के बाद वह अपने घर लौटा था. परिवार में सब कुछ सामान्य लग रहा था. पत्नी रसोई में खाना तैयार कर रही थी, तभी प्रेम शंकर दूसरे कमरे में गया और फांसी लगा ली. जैसे ही परिजनों को पता चला, वे तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सुसाइड नोट नहीं मिला, गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
दादाबाड़ी थाना पुलिस के मुताबिक, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. फिलहाल खुदकुशी के ठोस कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. प्रेम शंकर साल 2008 में भर्ती हुआ था और उसने कमांडो की स्पेशल ट्रेनिंग भी ली थी. करीब 18 साल तक देश और प्रदेश की सेवा करने वाले एक अनुभवी जवान ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया? क्या वह किसी मानसिक तनाव में था या कोई घरेलू विवाद था? पुलिस इन सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
महकमे में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही आरएसी के आला अधिकारी और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे. मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. दादाबाड़ी थाना अधिकारी बलदेव ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट और शुरुआती पूछताछ के आधार पर मामले की तहकीकात की जा रही है.
ये भी पढ़ें:- पत्नी से झगड़ा हुआ तो 8 महीने की बेटी का कैंची से काट डाला गला, फिर खुद फंदे पर लटक गया 19 साल का पिता