विज्ञापन
This Article is From Jun 14, 2025

सीकर: पत्नी को मारकर भागने वाला आरोपी पति गिरफ्तार, दुपट्टे से गला घोंटकर की थी हत्या; पुलिस की बड़ी सफलता

राजस्थान के सीकर में कोतवाली थाना क्षेत्र में पत्नी गला घोंटकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार हो गया है. मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को मध्य प्रदेश सीमा से गिरफ्तार किया है.

सीकर: पत्नी को मारकर भागने वाला आरोपी पति गिरफ्तार, दुपट्टे से गला घोंटकर की थी हत्या; पुलिस की बड़ी सफलता
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

Rajasthan News: राजस्थान में सीकर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में कुछ समय पहले एक दिल दहला देने वाली घटना हुई थी. जिसमें एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी. वहीं अब इस मामले में पुलिस ने सफलता हासिल कर ली है. पुलिस ने आरोपी पति को मध्य प्रदेश की सीमा से सटे इलाके से गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी ने अपनी पत्नी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की थी और फिर शव को किराए के कमरे में छोड़कर फरार हो गया था. पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से आरोपी को उसके गांव से पकड़ लिया गया.

जानें क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, पिछले 9 जून को शांति बाई के पिता लाल सिंह ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी शांति बाई की शादी करीब पांच महीने पहले झालावाड़ जिले के टांडी बामलास निवासी मुकेश कुमार से हुई थी.

शांति बाई और मुकेश सीकर के कंवरपुरा रोड पर किराए के मकान में रहते थे और मजदूरी का काम करते थे. 8 जून को मुकेश ने दुपट्टे से गला घोंटकर शांति बाई की हत्या कर दी और लाश को कमरे में छोड़कर भाग गया. अगले दिन पड़ोस के मजदूरों ने शव देखकर पुलिस और परिजनों को सूचना दी.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम गठित की. थाना अधिकारी सुनील जांगिड़ के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक तूफान सिंह, कांस्टेबल दिलीप कुमार और दिनेश कुमार की टीम ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शहर के अन्य इलाकों में आरोपी की तलाश की. जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस ने मध्य प्रदेश की सीमा और झालावाड़ जिले के टांडी गांव में छानबीन शुरू की. सूचना मिली कि मुकेश अपने गांव लौटा है. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे टांडी से हिरासत में ले लिया.

आगे की जांच जारी

कोतवाली थाना अधिकारी ने बताया कि आरोपी मुकेश से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके. पुलिस इस मामले में हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.

यह भी पढ़ें- NEET Topper 2025: राजस्थान के महेश कुमार नीट 2025 के टॉपर, टॉप-100 में कोटा कोचिंग के 35 छात्रों का दबदबा

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com