पीएम फसल बीमा में 128 करोड़ के क्लेम की होगी SOG जांच, कंपनी को डिफॉल्टर घोषित करने की सिफारिश

भाजपा विधायक बाबूसिंह राठौड़ के सवाल के जवाब में मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर क्षेत्र में फसल खराबे को शून्य प्रतिशत दिखा दिया गया जबकि वास्तविक नुकसान लगभग 70 प्रतिशत तक था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
किरोड़ी लाल मीणा

Rajasthan Crop Insurance: राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में पीएम फसल बीमा योजना में गड़बड़ी को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया. कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने सदन में कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में गड़बड़ियों के पीछे संगठित ‘माफिया' सक्रिय है. उन्होंने इस पूरे प्रकरण की जांच एसओजी से करवाने की घोषणा की.

भाजपा विधायक बाबूसिंह राठौड़ के सवाल के जवाब में मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर क्षेत्र में फसल खराबे को शून्य प्रतिशत दिखा दिया गया जबकि वास्तविक नुकसान लगभग 70 प्रतिशत तक था. आरोप है कि बीमा कंपनी के सर्वेयर ने मिलीभगत कर स्वयं ही हस्ताक्षर कर रिपोर्ट तैयार कर दी. मंत्री के अनुसार इस गड़बड़ी के कारण किसानों को 128 करोड़ रुपए का बीमा क्लेम नहीं मिला.

किरोड़ी लाल मीणा ने दिया जवाब

किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि शून्य डैमेज दिखाने से कंपनी ने बड़ी राशि रोक ली और अब उस पर ब्याज कमा रही है. उन्होंने बताया कि सरकार ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करवा दिया है और पुलिस जांच कर रही है. एसओजी जांच के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि किन अधिकारियों, सर्वेयर और अन्य लोगों की मिलीभगत रही.

कंपनी को भविष्य में टेंडर न दिया जाए

मंत्री ने संबंधित बीमा कंपनी को सरकार की नजर में डिफॉल्टर बताया और कहा कि भारत सरकार को पत्र लिखकर अनुरोध किया गया है कि इस कंपनी को भविष्य में टेंडर न दिया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी कंपनियों को प्रदेश में काम नहीं करने दिया जाएगा जो किसानों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ करें.

Advertisement

विपक्ष ने मामले की विस्तृत जानकारी मांगी. मंत्री ने कहा कि फसल बीमा योजना किसानों की सुरक्षा कवच है और इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जिन किसानों को नुकसान हुआ है उन्हें उनका हक मिले. यदि कहीं भी सर्वे में हेरफेर या फर्जीवाड़ा पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने संकेत दिया कि जांच के बाद और भी खुलासे संभव हैं.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान सरकार के 2 साल बनाम 5 साल कामकाज पर सदन में होगी बहस, दिन और समय हो गया तय

Advertisement