राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) से एक दिन पहले पेपर लीक और फर्जी पेपर बेचने के नाम पर छात्रों को गुमराह करने की कोशिश का मामला सामने आया है. दयानंद महाविद्यालय (डीएवी कॉलेज) अजमेर की प्रथम वर्ष की एक छात्रा के पास दो दिन पहले एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया. कॉल करने वाले व्यक्ति ने अंग्रेजी विषय का नीट प्रश्नपत्र 30 हजार रुपये में उपलब्ध कराने का दावा करते हुए उसे खरीदने का लालच दिया.
पेपर की सामग्री भी दिखाई
छात्रा घबरा गई और उसने पूरा मामला कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष कृष्ण ठाकुर को बताया. इसके बाद कृष्ण ठाकुर ने संबंधित व्यक्ति से व्हाट्सएप पर बातचीत की और वीडियो कॉल के दौरान दिखाई गई सामग्री की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली. साथ ही संदिग्ध मोबाइल नंबर और स्क्रीन रिकॉर्डिंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ को उपलब्ध कराई.
मोबाइल नंबर की जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ ने तुरंत पुलिस अधिकारियों को अलर्ट कर मोबाइल नंबर के आधार पर जांच शुरू करवाई. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो कॉल में दिखाया गया प्रश्नपत्र वास्तव में रविवार को होने वाली परीक्षा से संबंधित है या फिर यह केवल छात्रों को ठगने और भ्रमित करने का प्रयास है. इसके लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और तकनीकी जांच जारी है.
छात्र ने मोबाइल में सब कुछ रिकॉर्ड कर लिया.
एसपी ने छात्रों से की अपील
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि किसी भी छात्र को ऐसी भ्रामक सूचनाओं या लालच में नहीं आना चाहिए. छात्र अपनी तैयारी पर ध्यान दें और निर्धारित समय पर परीक्षा में शामिल हों. फिलहाल संदिग्ध व्हाट्सएप नंबर और उससे जुड़े तथ्यों की गहन जांच की जा रही है.
नीट री-एग्जाम आज
पेपर लीक के आरोपों के बाद 3 मई को हुई इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) कड़े सुरक्षा इंतजामों के साथ आज दोबारा परीक्षा करा रही है. नीट री-एग्जाम के लिए देश के 551 और विदेश के 14 शहरों में 5,500 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. जिन्हें हाई-सिक्योरिटी जोन में तब्दील किया गया है. एग्जाम में 22 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स शामिल होंगे.
यह भी पढ़ें: NEET Exam से पहले परीक्षा केंद्र के कैमरे चोरी! पेपर लीक जैसी घटनाएं रोकने के लिए लगाए थे एक्ट्रा CCTV