विज्ञापन
This Article is From Feb 12, 2026

नीमकाथाना के गणेश्वर तीर्थ धाम में सूटकेस ब्लास्ट से मचा हड़कंप, माके से कुंड की दीवारों में दरारें

मजदूर सुरेश कुमार ने बताया कि दो व्यक्ति वहां आए थे, जिनके हाथ में एक सूटकेस और नारियल की थैली थी. वे फोन पर बात कर रहे थे और कुछ ही पलों बाद उन्होंने सूटकेस को कुंड में फेंक दिया. इसके तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ.

नीमकाथाना के गणेश्वर तीर्थ धाम में सूटकेस ब्लास्ट से मचा हड़कंप, माके से कुंड की दीवारों में दरारें

Sikar News: सीकर जिले के नीमकाथाना स्थित प्रसिद्ध गणेश्वर तीर्थ धाम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुंड में फेंके गए एक सूटकेस में जोरदार ब्लास्ट हो गया. धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि धाम परिसर सहित आसपास के इलाके में दहशत फैल गई. घटना के तुरंत बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई.

घटना के समय कुंड परिसर में जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा था. वहां काम कर रहे मजदूरों के अनुसार, दो युवक मौके पर आए और अपने हाथ में मौजूद सूटकेस को कुंड में फेंक दिया. मजदूर कुछ समझ पाते, इससे पहले ही सूटकेस में तेज धमाका हो गया. धमाका होते ही मजदूर घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.

दीवारों में दरारें, पानी उछलकर बाहर आया

मजदूरों का कहना है कि ब्लास्ट इतना तेज था कि सूटकेस के टुकड़े-टुकड़े हो गए. कुंड की चारदीवारी पर सूटकेस में भरी सामग्री के छींटे फैल गए, जिससे दीवारों को नुकसान पहुंचा और कई जगह दरारें आ गईं. धमाके की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कुंड का पानी उछलकर बाहर गिर गया और चारों तरफ धुआं फैल गया.

 प्रत्यक्षदर्शी का बयान

मजदूर सुरेश कुमार ने बताया कि दो व्यक्ति वहां आए थे, जिनके हाथ में एक सूटकेस और नारियल की थैली थी. वे फोन पर बात कर रहे थे और कुछ ही पलों बाद उन्होंने सूटकेस को कुंड में फेंक दिया. इसके तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ. सुरेश कुमार ने भागकर अपनी जान बचाई. धमाके के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

पुलिस जांच जारी, सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना की सूचना मिलते ही नीमकाथाना सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की. पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और मजदूरों व अन्य लोगों से पूछताछ की. फिलहाल पुलिस दो संदिग्ध युवकों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सूटकेस में क्या सामग्री थी और ब्लास्ट का उद्देश्य क्या था.  

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com