विज्ञापन

बूंदी मेडिकल कॉलेज रैग‍िंग, एक्शन में डीएम; जांच कमेटी गठित

बूंदी मेड‍िकल कॉलेज में सीन‍ियर छात्रों ने जून‍ियर की प‍िटाई कर दी. पीड़‍ित छात्र ने रैग‍िंग का आरोप लगाया. 

बूंदी मेडिकल कॉलेज रैग‍िंग, एक्शन में डीएम; जांच कमेटी गठित
मारपीट में घायल छात्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस अस्पताल में छात्र का बयान दर्ज किया. (Photo- NDTV)

बूंदी मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में रैगिंग और मारपीट मामले में जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है. जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देश पर कॉलेज प्रशासन ने जांच के लिए अनुशासनात्मक समिति का गठन किया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. 

दो गुटों में मारपीट 

जानकारी के अनुसार, हॉस्टल में छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई. सूचना पर कॉलेज प्रशासन और जिला प्रशासन हरकत में आ गए. हॉस्टल वार्डन डॉ. बालकृष्ण शर्मा और डॉ. विशाल यादव मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस प्रशासन भी छात्रावास पहुंचा, और दोनों पक्षों से चर्चा कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई. 

रैगिंग करने का आरोप  

पीड़ित छात्र ने आरोप लगाया है कि पहले साल से ही सीनियर छात्र उसके साथ रैगिंग कर रहे थे.  उसका कहना है कि विरोध करने के बाद उसे और उसके साथियों को (मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा.  छात्र ने आरोप लगाया कि शनिवार को विवाद बढ़ने पर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं.  घटना के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकीय जांच और उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई गई और वह सुरक्षित हॉस्टल लौट गया. 

प्रिंसिपल ने लगाए गंभीर आरोप  

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राहुल चंदेल ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला रैगिंग का प्रतीत नहीं होता, बल्कि छात्रों के बीच आपसी विवाद नजर आ रहा है. फिर भी कॉलेज प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है. उन्होंने कहा कि संस्थान में रैगिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और जांच में ऐसे तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. 

छात्रों के बयान दर्ज 

मामले की सूचना मिलने पर हिंडोली पुलिस भी सक्रिय हुई. हिंडोली थाने के सहायक उपनिरीक्षक मणिराज मीणा ने बताया कि छात्रों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.  दूसरी ओर कॉलेज प्रशासन द्वारा गठित अनुशासनात्मक समिति सभी पहलुओं की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी. 

दोषियों पर होगी कार्रवाई 

जिला प्रशासन ने चेताया है कि छात्रावास का अनुशासन और शैक्षणिक माहौल किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा.  जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा सकती है. फिलहाल पूरे मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज परिसर में चर्चा का माहौल बना हुआ है और सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं. 

यह भी पढ़ें: पहली बार चित्तौड़गढ़ दुर्ग में चला बुलडोजर, सुबह 4 बजे पहुंचे अधिकारी; इलाके में हड़कंप

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close