Rajasthan Weather Update: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की सक्रियता के बीच राजस्थान के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी स्तर की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है. मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास बनी मौसमी प्रणाली के प्रभाव के कारण कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभागों के कुछ हिस्सों में बारिश संबंधी गतिविधियां बढ़ गईं.
2 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मॉनसून
मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान राज्य के दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है. 30 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान भी पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा. इस दौरान अधिकांश स्थान पर मध्यम से तेज बारिश और कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है.
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) July 30, 2026
प्रतापगढ़ में 53 मिलीमीटर बारिश
पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभागों के कुछ हिस्सों में भी आज से 2 अगस्त तक मॉनसून के फिर से सक्रिय होने तथा कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है. बुधवार दिन में प्रतापगढ़ में 53.5 मिलीमीटर, राजधानी जयपुर में 24.7 मिलीमीटर, दौसा में 18 मिलीमीटर, वनस्थली में सात मिलीमीटर व करौली में तीन मिलीमीटर बारिश हुई. कई और जगह भी बादल छाए रहे और बूंदाबांदी हुई.
बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बारिश ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. बीकानेर, सलूम्बर, उदयपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर एवं श्रीगंगानगर जिलों तथा आस-पास के क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट है. कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है. 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.
इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
सीकर, चूरू, नागौर, डीडवाना-कुचामन, झुंझुनू, दौसा, करोली, बूंदी, कोटा, भीलवाड़ा, अजमेर, जयपुर, टोंक, चित्तौड़गढ़ एवं हनुमानगढ़ जिलों तथा आस-पास के क्षेत्रों में बारिश को येलो अलर्ट है. इन जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.
यह भी पढ़ें: सरकारी स्कूलों में सप्लाई होने वाला 3 हजार किलो दूध पाउडर बाजार में बेचा, जयपुर के सामोद थाने में FIR