विज्ञापन
This Article is From Feb 03, 2026

टॉफी समझकर चबाया विस्फोटक, अलवर में तीन साल की मासूम गंभीर घायल

राजस्थान में अलवर के रामगढ़ क्षेत्र में टॉफी समझकर विस्फोटक चबाने से तीन साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. मासूम के जबड़े पर गहरी चोट आई. पुलिस ने दुकानदार को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है.

टॉफी समझकर चबाया विस्फोटक, अलवर में तीन साल की मासूम गंभीर घायल
अलवर के रामगढ़ क्षेत्र में टॉफी समझकर विस्फोटक चबाने से तीन साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई

Rajasthan News: राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. अलवर मार्ग स्थित चौकी बास गांव में तीन साल की मासूम बच्ची अक्शु के साथ ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. बच्ची अपनी बड़ी बहन के साथ किराना दुकान पर टॉफी लेने गई थी.

टॉफी की जगह थमाई गई विस्फोटक वस्तु

परिजनों के अनुसार दुकानदार सुदील उर्फ काला ने टॉफी की जगह बारूद से भरी पटाखेनुमा वस्तु बच्ची को दे दी. अक्शु ने जैसे ही उसे मुंह में डालकर चबाया तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया. धमाका इतना जोरदार था कि बच्ची का जबड़ा और गाल बुरी तरह फट गया.

खून से लथपथ गिरी बच्ची

विस्फोट के बाद बच्ची खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी. मौके पर अफरा तफरी मच गई. परिजन तुरंत बच्ची को अलवर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन किया.

डॉक्टरों ने बताया हालत स्थिर

चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन सफल रहा है. फिलहाल बच्ची खतरे से बाहर है लेकिन उसे अभी चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. डॉक्टरों का कहना है कि चोट विस्फोट से होने जैसी ही प्रतीत हो रही है.

परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज

बच्ची की चाची निकिता की रिपोर्ट पर रामगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

दुकानदार ने आरोपों से किया इनकार

आरोपी दुकानदार का कहना है कि बच्ची को चोट सड़क पर गिरने और कांच की बोतल लगने से आई है. हालांकि बच्ची के मुंह और जबड़े की हालत दुकानदार के बयान पर सवाल खड़े कर रही है.

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

थानाधिकारी डॉ विजेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल जांच कराई जा रही है. डीएसपी पिंटू कुमार ने कहा कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है. लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close