विज्ञापन

उदयपुर में 11 हजार KV की लाइन ठीक कर रहा था लाइनमैन, किसी ने अचानक छोड़ दिया करंट, ब्लास्ट हो गया शरीर

ब्लास्ट के बाद खंभे से नीचे गिरे लाइनमैन के दोनों हाथ कोहनी तक जलकर राख हो गए हैं. एक पैर का पंजा उड़ चुका और पैर की हड्डी नजर आने लगी है. तस्वीरें इतनी ज्यादा विचलित करने वाली हैं कि हम आपको दिखा भी नहीं सकते.

उदयपुर में 11 हजार KV की लाइन ठीक कर रहा था लाइनमैन, किसी ने अचानक छोड़ दिया करंट, ब्लास्ट हो गया शरीर
उदयपुर में बड़ा हादसा: 11 हजार KV लाइन पर काम कर रहे लाइनमैन की दर्दनाक मौत, शटडाउन के बावजूद अचानक चालू कर दी बिजली (सांकेतिक तस्वीर)

Rajasthan News: उदयपुर जिले के डबोक थाना क्षेत्र के तुलसीदास जी की सराय से एक बेहद रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक 42 वर्षीय लाइनमैन की जान ले ली. यह हादसा उस वक्त हुआ जब लाइनमैन शौकत शेख 11 KV की लाइन में आए फॉल्ट को ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ा था. काम के दौरान ही अचानक किसी ने बिजली की सप्लाई चालू कर दी, जिससे जोरदार धमाका हुआ और शौकत शेख सीधे नीचे गिर गया.

ब्लास्ट से फट गया शरीर, मौके पर ही मौत

बिजली की लाइन में हुए ब्लास्ट का असर इतना भीषण था कि लाइनमैन शौकत शेख का शरीर बुरी तरह फट गया. करंट की चपेट में आने और ऊंचाई से गिरने के कारण 42 साल के शौकत की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. मौके का मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए.

शटडाउन के बावजूद लाइन चालू होने पर उठे सवाल

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि लाइनमैन शौकत शेख बकायदा 'शटडाउन' लेकर ही लाइन पर काम करने चढ़ा था, लेकिन इसके बावजूद जीएसएस (GSS) से किसी ने बिजली चालू कर दी.

बिना अनुभव वाले प्राइवेट स्टाफ पर आरोप

इस घटना ने विभाग में स्टाफ की कमी और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है. ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग में कर्मचारियों की कमी के चलते ऐसे प्राइवेट व्यक्तियों को काम पर लगा रखा है जिनके पास पर्याप्त अनुभव नहीं है. इन लोगों का काम मुख्य रूप से लाइन को बंद और चालू करना है. ग्रामीणों का मानना है कि इसी अनुभवहीन स्टाफ की चूक की वजह से यह हादसा हुआ. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर वह कौन व्यक्ति था जिसने शटडाउन के दौरान लाइन की सप्लाई शुरू की. फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश है.

इस मामले में बिजली विभाग की प्रतिक्रिया की इंतजार है. अधिकारियों से बात होते ही उनका पक्ष खबर में ऐड किया जाएगा.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान में पारा चढ़ने वाला है! 4 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान, बाड़मेर में 35 डिग्री के पार

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close