Rajasthan News: राजस्थान के उदयपुर में पल्सर स्पोर्ट्स बाइक चोरी में एक अनोखा मामला सामने आया है. जहां शहर के महाराणा भूपाल हॉस्पिटल से चोरी हुई बाइक पर जब युवक थाने में रिपोर्ट लिखवाने गया तो आरोप है कि पुलिस ने सहयोग नहीं किया. खास बात यह है कि युवक ने खुद अपनी बाइक पर इनाम रखा और सोशल मीडिया पर शेयर किया. इसके बाद युवक को बाइक का पता चला और फिल्मी अंदाज में युवक ने खुद अपनी बाइक खोज निकाली.
पुलिस ने नहीं तो खुद ढूंढ ली बाइक
पीड़ित अब्बास कानोड़वाला 10 मई को अपने पिता के इलाज के लिए हॉस्पिटल गए थे, जहां उनकी पल्सर बाइक चोरी हो गई. अब्बास का आरोप है कि जब वे हाथीपोल थाने पहुंचे तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में टालमटोल की.
जब पुलिस से कोई मदद नहीं मिली तो अब्बास ने खुद मोर्चा संभाला. उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो युवक बाइक ले जाते दिखे. इसके बाद अब्बास ने सोशल मीडिया का सहारा लिया और बाइक ढूंढने वाले के लिए 5 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया.
फिल्मी अंदाज में पीछा कर चोरों को दबोचा
सोशल मीडिया पर वायरल हुई फोटो का असर 14 मई को देखने को मिला. अब्बास को फोन पर सूचना मिली कि उनकी बाइक बेकरिया थाना क्षेत्र के मालवा का चोरा पर देखी गई है. बिना देर किए अब्बास अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि चोरों ने बाइक को एक जीप में डाल रखा है.
फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए उन्होंने जीप को रुकवाया और पुलिस को सूचना दी. अब्बास का कहना है कि अगर हाथीपोल पुलिस ने शुरुआत में ही गंभीरता दिखाई होती और रिपोर्ट दर्ज की होती, तो उन्हें खुद इतनी मशक्कत नहीं करनी पड़ती.
यह भी पढ़ें- कोटा: स्कॉर्पियों से कारोबारी के घर आए चोर, कुछ नहीं मिला तो 18 लाख की Kia कार ले उड़े- देखिए Video