Budget 2026: राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सोमवार (2 फरवरी) को अजमेर कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने केंद्रीय बजट को लेकर कहा कि यह बजट वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक ठोस और दूरदर्शी कदम है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ-सबका विकास” के विज़न को यह बजट जमीन पर उतारने वाला सशक्त दस्तावेज है. बजट में समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए समावेशी विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया है.
"किसान, महिला और गरीब विकास का केंद्र"
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय बजट में किसान, युवा, महिला और गरीब वर्ग को विकास की धुरी बनाया गया है. कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने, सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार और आधुनिक तकनीक के उपयोग से किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है. युवाओं के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप और नवाचार से जुड़े प्रावधान रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगे. महिला सशक्तिकरण के लिए महिला उद्यमिता, स्वयं सहायता समूह, शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है.
‘विकसित भारत-2047' का स्पष्ट रोडमैप- दिया कुमारी
दिया कुमारी ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत- 2047' के विज़न को साकार करने का स्पष्ट रोडमैप है. इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए बढ़ा हुआ आवंटन सड़कों, रेल और शहरी परिवहन को गति देगा, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से राजस्थान सहित पूरे देश में विकास की रफ्तार तेज होगी.
यह भी पढ़ेंः पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना ने कैंसर से हारी जिंदगी की जंग, अलवर निवास पर ली अंतिम सांस