Rajasthan Politics: चिट्ठी में 'भीतरघात' और शादी में 'मुलाकात', मोरपाल सुमन के घर जुटी बीजेपी ने क्या दे दिया बड़ा संकेत?

राजस्थान की राजनीति में चर्चित अंता उपचुनाव प्रत्याशी मोरपाल सुमन के बेटे के आशीर्वाद समारोह में भाजपा का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला. वायरल चिट्ठी विवाद के बाद यह पहला मौका था जब सांसद दुष्यंत सिंह और पार्टी के दिग्गज पदाधिकारी एक साथ नजर आए. आखिर क्यों चर्चा में है यह मुलाकात और कौन-कौन पहुंचा इस समारोह में? पढ़ें अर्जुन अरविंद की रिपोर्ट.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
चिट्ठी विवाद अपनी जगह, परिवार अपनी जगह! मोरपाल सुमन के घर 'एक' हुई बीजेपी, चर्चा में रही ये खास मुलाकात
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान की राजनीति में 'अंता उपचुनाव' और उसके बाद वायरल हुई 'समीक्षा रिपोर्ट' को लेकर चर्चाओं में रहने वाले भाजपा नेता मोरपाल सुमन के घर खुशियों का माहौल है. मौका था उनके छोटे बेटे निर्मल के विवाह के आशीर्वाद समारोह का, जहां गुरुवार रात बारां के रघुनाथ रिसोर्ट में भाजपा के कई दिग्गज नेता एक साथ नजर आए. इस दौरान पार्टी नेताओं की आपसी मुलाकात और एकजुटता सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है.

सांसद दुष्यंत सिंह ने दिया आशीर्वाद

समारोह में बारां-झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह विशेष रूप से शिरकत करने पहुंचे. उन्होंने नवविवाहित जोड़े निर्मल और रेखा को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और आशीर्वाद दिया. मोरपाल सुमन, जो कि बारां पंचायत समिति के प्रधान भी हैं, उन्होंने सांसद और अन्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया.

Photo Credit: NDTV Reporter

विवादों के बीच दिखी पार्टी की मजबूती

हाल ही में अंता उपचुनाव के बाद सोशल मीडिया पर एक विवादित चिट्ठी वायरल हुई थी, जिसने राजस्थान भाजपा के भीतर खलबली मचा दी थी. इस चिट्ठी के कारण मोरपाल सुमन को प्रदेश नेतृत्व की ओर से नोटिस भी जारी हुआ था. हालांकि, बेटे की शादी के इस जश्न में भाजपा संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा नजर आया. सांसद दुष्यंत सिंह के साथ बारां भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश मीणा, जिला महामंत्री राकेश जैन और संगठन के कई अन्य पदाधिकारी एक ही मंच पर नजर आए, जिसे पार्टी की एकजुटता के तौर पर देखा जा रहा है.

Photo Credit: NDTV Reporter

समारोह में जुटे ये दिग्गज

शादी समारोह में भाजपा नेताओं की लंबी फेहरिस्त मौजूद रही. इसमें महावीर सिंह हाड़ा, मुकेश केरवालिया, जयेश गालव, हेमंत नागर, दिलीप शाक्यवाल, योगेश राजौरा और रोहित नायक सरकार सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए. वहीं, सियासी चर्चाओं के बीच कुछ स्थानीय विधायकों की अनुपस्थिति भी नोटिस की गई, जो चुनाव के दौरान मोरपाल सुमन के साथ सक्रिय थे.

Advertisement

चर्चा में है यह मुलाकात

मोरपाल सुमन अंता उपचुनाव के बाद से ही सूबे की राजनीति में सुर्खियों में हैं. चुनाव हारने के बाद वायरल हुई 'भीतरघात' की चिट्ठी ने पार्टी के भीतर दो-फाड़ जैसी स्थिति पैदा कर दी थी. ऐसे में बेटे के विवाह समारोह में सांसद दुष्यंत सिंह और भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों का पहुंचना और मोरपाल सुमन से मुलाकात करना, जिले की राजनीति में एक नया संदेश दे रहा है.

ये भी पढ़ें:- शराब समझकर पी गए खाना गर्म करने वाला 'फ्यूल', राजस्थान में एक के बाद एक 4 ने तोड़ा दम

Advertisement

LIVE TV देखें