Rajasthan News: पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सरकार के मंत्रियों और विधायकों को सलाह दी है कि वे अपने बेटों को थोड़ा दूर रखें. गुरुवार को जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद नेताओं के बेटों का सरकारी काम में दखल बढ़ गया है. पूर्व मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि बेटों को सरकार के नजदीक लाने से वे बिगड़ सकते हैं और यह सरकार की छवि के लिए भी हानिकारक साबित हो सकती हैं. उन्होंने कहा, “बेटों को दूर रखो और अच्छे संस्कार दो, नहीं तो बदनामी सरकार की भी होगी.
अशोक गहलोत ने भीम विधायक हरि सिंह रावत के बेटे पर आरोपों के संदर्भ में गहलोत ने कहा कि कई मंत्रियों और विधायकों के परिवारजन भी सरकारी कामकाज में दखल दे रहे हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी को अपने बेटों को सरकार से दूर रखना चाहिए ताकि सरकार की कार्यप्रणाली और छवि सुरक्षित रहे.
कन्फ्यूजन के कारण जनता को नुकसान
स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए गहलोत ने कहा कि आईपीडी टॉवर का काम लंबित पड़ा है. गहलोत ने कहा कि उन्होंने. यह मुद्दा सरकार पर काम करने का दबाव बनाने के लिए उठाया था. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 25 लाख रुपये तक के इलाज को लेकर सरकार का हालिया बयान कोई नई सुविधा नहीं है. गहलोत ने आरोप लगाया कि योजना की शुरुआत उनकी सरकार के समय से थी, लेकिन वर्तमान सरकार के शुरुआती दौर में कन्फ्यूजन के कारण जनता को नुकसान हुआ. उनका कहना था कि अब सरकार का बयान उनके लगातार दबाव के कारण आया है.
राजस्थान में कानून व्यवस्था चिंता जनक
कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गहलोत ने कहा कि राजस्थान में हालात चिंताजनक हैं. मार्च महीने में हुई फायरिंग की वारदात और हत्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि, जयपुर में प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग, फलोदी में 21 मार्च को हत्या, भरतपुर में ज्वैलर की हत्या, चूरू में होटल मालिक की हत्या, सिरोही के माउंट आबू में फायरिंग और बाड़मेर में व्यापारी की हत्या हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण इलाकों में उत्पीड़न और अपराध की घटनाएं तो सरकार तक नहीं पहुँच रही हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री ने सीएम की तरफ से बुलाई सर्वदलीय बैठक स्वागत करते हुए कहा कि सरकार ने सर्वे और बैठक के माध्यम से स्थिति स्पष्ट करने का कदम उठाया है. गहलोत ने कोविड के समय विपक्ष और पक्ष के साथ सहयोग की अपनी पहल का भी जिक्र किया.
य़ह भी पढ़ेंः "खून का बदला, खून से लिया जाएगा", बीजेपी विधायक का बयान; राजस्थान में कारोबारी की हत्या का मामला गरमाया