Rajasthan News: राजस्थान के अजमेर शहर में एक बालिग हिंदू युवती के घर से बिना बताए जाने का मामला सामने आने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है. जानकारी के अनुसार बाबूगढ़ निवासी तानिया यादव 2 फरवरी से घर से लापता थी. बाद में पता चला कि वह सुजानगढ़ नया बाजार चौक निवासी समीर दमामी के साथ गई है.
परिजनों के मुताबिक युवती ने साफ कहा है कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ रहना चाहती है. उसका कथित बयान “मर जाऊंगी मगर समीर के साथ रहूंगी” सामने आने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है. परिवार का कहना है कि वे लगातार उसे समझाने का प्रयास कर रहे हैं.
लिव इन कार्ड और कोर्ट प्रक्रिया का दावा
परिजनों ने यह भी बताया कि युवती और युवक ने करीब 45 हजार रुपए खर्च कर लिव इन रिलेशनशिप से जुड़ा एक कार्ड बनवाने की बात कही है. दावा किया जा रहा है कि यह दस्तावेज कोर्ट प्रक्रिया के तहत तैयार कराया गया है. हालांकि इसकी वैधता को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच के बाद ही दस्तावेजों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी.
परिवार का आरोप है कि युवती को बहला फुसलाकर साथ ले जाया गया है. वहीं युवती खुद अपनी इच्छा से युवक के साथ रहने की बात कह रही है. इसी विरोधाभास के कारण मामला और जटिल हो गया है.
गंज थाने के बाहर समझाइश
मामले की जानकारी मिलते ही परिजन और कुछ संगठनों के लोग गंज थाना के बाहर एकत्र हो गए. वहां युवती को समझाने की कोशिश की गई. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की और माहौल शांत करवाया.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की उम्र से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है. साथ ही दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. काउंसलिंग के जरिए स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत मामले की जांच कर रही है ताकि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो और कानून व्यवस्था बनी रहे.
यह भी पढ़ें- 'इंदिरा गांधी ने साधु संन्यासियों पर चलवाई गोली' सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कांग्रेस को याद दिलाया इतिहास