विज्ञापन

अजमेर की बकरा मंडी में हैदराबादी परी का जलवा, 18 इंच लंबे कान और 80 हजार की कीमत; देखने उमड़ी भीड़

अजमेर बकरा मंडी में हैदराबादी नस्ल की बकरी ‘परी’ आकर्षण का केंद्र बनी है. 18 इंच लंबे कान और शानदार कद-काठी वाली इस बकरी की कीमत 80 हजार रुपए है. अपनी खूबसूरती के चलते यह मंडी में लोगों की पहली पसंद बनी हुई है.

अजमेर बकरा मंडी में 18 इंच लंबे कान की बकरी ‘परी’ आकर्षण का केंद्र बनी है.

Rajasthan News: ईद के करीब आते ही अजमेर की बकरा मंडी में रौनक बढ़ गई है. यहां इन दिनों एक अनोखी बकरी चर्चा का विषय बनी हुई है. ब्यावर के रहने वाले सेवानिवृत्त फौजी रोशन अली अपनी हैदराबादी नस्ल की बकरी ‘परी' को लेकर मंडी पहुंचे हैं. दूधिया सफेद रंग और उतनी ही आकर्षक सफेद आंखों वाली इस बकरी को जिसने भी देखा वह बस देखता ही रह गया.

कानों की लंबाई और सुंदरता बनी केंद्र

‘परी' की सबसे बड़ी खासियत उसके 18 इंच लंबे कान हैं. हैदराबादी नस्ल के इन बकरों और बकरियों की पहचान ही उनके लंबे कान होते हैं, लेकिन ‘परी' के कान उसकी सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं. मंडी में मौजूद खरीदारों और आम लोगों के लिए यह बकरी मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. लोग इसके साथ सेल्फी लेने और वीडियो बनाने के लिए उत्साहित दिख रहे हैं.

विशेष देखभाल और डाइट का कमाल

रोशन अली ने बताया कि वे ‘परी' को अपने बच्चे की तरह पालते हैं. इसकी उम्र अभी महज एक साल है. इसे एक विशेष पौष्टिक आहार दिया जाता है, जिससे इसकी सेहत और चमक बरकरार है. फौजी साहब ने इसकी कीमत 80 हजार रुपए तय की है. उनका कहना है कि यह बकरी न केवल सुंदर है बल्कि बेहद शांत स्वभाव की भी है. अजमेर की बकरा मंडी में हर साल कई तरह के बकरे आते हैं, लेकिन इस बार ‘परी' अपनी विशिष्ट पहचान और लंबे कानों के कारण सबसे अलग नजर आ रही है. 

इसके साथ ही अजमेर की बकरा मंडी में बकरीद से पहले 'सलमान', 'शाहरुख' और 'लाडू' नाम के बकरे आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, सोजत नस्ल का 'लाडू' बकरा काजू-बादाम के साथ 'रजनीगंधा' खाने का शौकीन है.

यह भी पढ़ें- 

राजस्थान में मौसम का यू-टर्न, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, जयपुर-दौसा-अलवर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close