Rajasthan News: राजस्थान के अजमेर में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक बड़ी और गुप्त कार्रवाई ने शहर में हड़कंप मचा दिया है. शुक्रवार दोपहर को एजेंसी की टीम बोराज रोड स्थित अंबिका विहार कॉलोनी पहुँची और एक किराये के मकान में रह रहे परमेश मीणा नाम के युवक को हिरासत में ले लिया. भीलवाड़ा मूल का यह युवक लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था.
शहजाद भट्टी से जुड़ रहे तार
प्राप्त जानकारी के अनुसार परमेश मीणा के संदिग्ध संबंध पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी से होने की आशंका जताई जा रही है. NIA की टीम ने देर रात तक बंद कमरे में उससे गहन पूछताछ की. इस दौरान स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियों का भी सख्त पहरा रहा. जांच का मुख्य केंद्र पाकिस्तान से संचालित हो रहा ऑनलाइन टेरर मॉड्यूल, सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को भटकाने की साजिश और संदिग्ध डिजिटल ट्रांजैक्शन बताए जा रहे हैं.
पहले से था एजेंसियों की नजर में
परमेश के बारे में यह भी स्पष्ट हुआ है कि वह पहले से ही सुरक्षा बलों की निगरानी में था. उसके मोबाइल डेटा और संदिग्ध विदेशी नंबरों से बातचीत की कड़ियों को जोड़ते हुए एजेंसी इस नतीजे पर पहुंची. पूछताछ के बाद NIA उसे अपने साथ कड़ी सुरक्षा में दिल्ली ले गई है.
हालांकि, एजेंसी ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन यह साफ है कि राजस्थान में सक्रिय संदिग्ध नेटवर्क पर लगाम लगाने के लिए यह एक बड़ा कदम है. इससे पहले भी जयपुर, जोधपुर और भीलवाड़ा में ऐसी कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं. अब अजमेर में हुई इस कार्रवाई से पूरे नेटवर्क में खलबली मच गई है और खुफिया एजेंसियां अब उसके अन्य संपर्कों को खंगालने में जुटी हैं.
यह भी पढ़ें-
अजमेर में सोशल मीडिया पर पहले दोस्ती कर जीता भरोसा, फिर दोस्तों संग मिलकर किया गैंगरेप