Rajasthan News: अजमेर में प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को राजस्थान के दौरे पर अजमेर आएंगे. पीएम मोदी के दौरे को लेकर अजमेर शहर युवा कांग्रेस की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्र सरकार की नीतियों, कार्यशैली और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मोहित मल्होत्रा ने की. उन्होंने बताया कि पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने युवाओं को रोजगार, राष्ट्रभक्ति और aहिंदुत्व के नाम पर गुमराह किया है. एक करोड़ नौकरियों का वादा अब तक पूरा नहीं होने पर भी नाराजगी जताई गई.
विदेशी दबाव में आकर निर्णय लिए
साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित एपस्टीन मामले से जुड़े कथित संबंधों और पूर्व सेना प्रमुख की पुस्तक में प्रकाशित बिंदुओं को लेकर भी चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार की निंदा की गई. बैठक में उपस्थित युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने कई गंभीर आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सीमा सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर पीछे हटे हैं, आपराधिक छवि वाले लोगों से संबंधों के आरोप लगे हैं. विदेशी दबाव में आकर नीतिगत निर्णय लिए गए.
काले झंडे दिखाकर होगा विरोध प्रदर्शन
इसके अलावा युवाओं को रोजगार देने के वादे पूरे न होने को भी प्रमुख मुद्दा बताया गया. पदाधिकारियों का कहना है कि केंद्र सरकार इन सभी प्रश्नों पर जनता के सामने संतोषजनक जवाब देने में विफल रही है. इसी के विरोध में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि प्रधानमंत्री का अजमेर दौरा होता है तो युवा कांग्रेस द्वारा काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. संगठन ने स्पष्ट किया कि यह विरोध पूरी तरह संविधान सम्मत, अहिंसात्मक और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के तहत किया जाएगा, जिसमें युवाओं और आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा.
यह भी पढे़ं-
पीएम मोदी का राजस्थान दौरा तय, अजमेर की धरती से 23500 करोड़ की देंगे सौगात; जानें पूरा कार्यक्रम