विज्ञापन
This Article is From May 30, 2025

Rajasthan: दूसरों को जीने की सलाह देने वाले साइकाइट्रिस्ट डॉक्टर ने किया सुसाइड, पत्नी से चल रहा था विवाद

राजस्थान के अलवर जिले में मशहूर मनोचिकित्सक डॉ. सुमित मित्तल ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि डॉक्टर पारिवारिक विवादों में उलझे हुए थे.

Rajasthan: दूसरों को जीने की सलाह देने वाले साइकाइट्रिस्ट डॉक्टर ने किया सुसाइड, पत्नी से चल रहा था विवाद
मशहूर मनोचिकित्सक डॉ. सुमित मित्तल.

Rajasthan News: राजस्थान में अलवर जिले के गांधी नगर शालीमार क्षेत्र से शुक्रवार को एक दुखद घटना सामने आई. जहां मशहूर मनोचिकित्सक डॉ. सुमित मित्तल ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. वह घर में अकेले थे. सुबह 11 बजे उनके भाई नवीन मित्तल ने पुलिस को इसकी सूचना दी. सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया.

अस्पताल में नहीं पहुंचे तो खुला राज

डॉ. सुमित शिवाजी पार्क, साहबजोड़ा में विश्वास अस्पताल चलाते थे. शुक्रवार सुबह वह अस्पताल नहीं पहुंचे. वार्ड बॉय ने उन्हें फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद वह उनके घर गया, जहां डॉ. सुमित फंदे पर लटके मिले.

वार्ड बॉय ने तुरंत उनके भाई नवीन को सूचना दी, जिन्होंने पुलिस को बुलाया. नवीन ने बताया कि गुरुवार को आखिरी बार भाई से बात हुई थी. तब डॉ. सुमित ने कहा था कि वह बहुत परेशान और टूट चुके हैं. 

पत्नी से लंबे समय से था विवाद

पुलिस जांच में पता चला कि डॉ. सुमित का अपनी पत्नी सीमा से कई सालों से विवाद चल रहा था. दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए थे. सीमा ने 2021 में डॉ. सुमित पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया था. उन्होंने दावा किया था कि डॉ. सुमित ने उनका मोबाइल छीना और बैंक खाते से 32 लाख रुपये अपने भाई व परिजनों के खाते में ट्रांसफर किए. वहीं डॉ. सुमित ने पत्नी और उनके भाई पर स्कीम-2 के मकान को हड़पने और मारपीट का आरोप लगाया था. दोनों मामले अभी जांच में हैं. 

दूसरों को जीने की सलाह देने वाले ने की आत्महत्या

डॉ.सुमित अपने अस्पताल में आत्महत्या के विचारों से जूझ रहे लोगों की काउंसलिंग करते थे. वह मरीजों को मानसिक तनाव से उबरने और जीवन जीने की सलाह देते थे. लेकिन खुद पारिवारिक विवादों के चलते वह टूट गए और यह कदम उठा लिया. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें- नकली खाद फैक्ट्री पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने कहा- 'किसानों की आय दोगुनी नहीं... आर्थिक क्षति, मुआवजा दे सरकार

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com