विज्ञापन
This Article is From May 30, 2025

नकली खाद फैक्ट्री पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने कहा- 'किसानों की आय दोगुनी नहीं... आर्थिक क्षति, मुआवजा दे सरकार

राजस्थान के किशनगढ़ में नकली खाद फैक्ट्रियों पर कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की छापेमारी ने हड़कंप मचा दिया है. इस कार्रवाई के बाद राजनीति गरमा गई है, कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधते हुए प्रभावित किसानों के लिए मुआवजे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

नकली खाद फैक्ट्री पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने कहा- 'किसानों की आय दोगुनी नहीं... आर्थिक क्षति, मुआवजा दे सरकार
अजमेर में कृषि मंत्री ने नकली खाद फैक्ट्रियों पर कार्रवाई की है.

Rajasthan Politics: राजस्थान के किशनगढ़ और आसपास के इलाकों में नकली खाद फैक्ट्रियों पर कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की छापेमारी ने सनसनी मचा दी है. इस कार्रवाई के बाद राजनीति गरमा गई है. कांग्रेस ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूछा है कि 18 महीनों से चल रहे इस रैकेट पर पहले क्यों चुप्पी साधी गई.  

प्रभावित किसानों को मिले मुआवजा 

किशनगढ़ के कांग्रेस विधायक विकास चौधरी ने कहा कि नकली खाद ने किसानों की फसलों और खेतों को बर्बाद कर दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि इन फैक्ट्रियों में कितनी खाद बनी, इसे कहां बेचा गया और किन लोगों की मिलीभगत से यह धंधा फलता-फूलता रहा. चौधरी ने मांग की कि प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए और दोषी अधिकारियों व नेताओं पर सख्त कार्रवाई हो.  

संगठित गिरोह का खेल

चौधरी ने बताया कि उन्हें लगातार किसानों के फोन आ रहे हैं, जो इस धोखाधड़ी से परेशान हैं. उनका दावा है कि यह कोई छोटा-मोटा मामला नहीं, बल्कि एक बड़ा संगठित गिरोह है, जो राजस्थान के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी नकली खाद और रसायन सप्लाई कर रहा है.  

कांग्रेस का सरकार पर हमला

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया है. उन्होंने विधायक चौधरी को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लेने को कहा.

अजमेर के कांग्रेस नेता भी इस मामले में सक्रिय हो गए हैं. चौधरी ने कहा, "प्रधानमंत्री ने 2022 में किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन नकली खाद ने किसानों को बर्बादी की कगार पर ला खड़ा किया."  

सड़कों पर उतरेंगे किसान 

मामले पर चौधरी ने कहा, "2022 में प्रधानमंत्री ने किसानों की आय दोगुनी करने की बात की थी, लेकिन आज किसान नकली खाद से बर्बाद हो रहे हैं. भाजपा सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है." उन्होंने स्थानीय प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है. कांग्रेस ने चेताया है कि यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे.

यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी जासूस कासिम को लेकर एजेंसी का बड़ा खुलासा, 'संदिग्ध नहीं ISI एजेंट... दानिश से जुड़े तार'

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com