बाबा श्याम मेले को लेकर अलर्ट प्रशासन, 1000 सुरक्षाकर्मी, 400 CCTV और 40 लाख पानी पाउच लगाए

राजस्थान के खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के फाल्गुनी लक्खी मेले की तैयारियां जोरों पर हैं. प्रशासन और मंदिर कमेटी ने पानी सुरक्षा सफाई रोशनी स्वास्थ्य और भीड़ नियंत्रण को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं. आज दोपहर 12 बजे समीक्षा बैठक होगी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के फाल्गुनी लक्खी मेले की तैयारियां जोरों पर हैं.

Rajasthan News: राजस्थान में सीकर जिले के खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के वार्षिक फाल्गुनी लक्खी मेले को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा आज थाना परिसर में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश देंगे. पहले यह बैठक दोपहर 2 बजे प्रस्तावित थी लेकिन अब समय बदलकर 12 बजे कर दिया गया है.

मेला व्यवस्थाओं को इस बार 22 सेक्टर में विभाजित किया जाएगा ताकि संचालन अधिक व्यवस्थित ढंग से हो सके. प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी मिलकर लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटे हैं.

40 लाख पानी पाउच और 15 टैंकर की व्यवस्था

कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं के लिए 40 लाख पानी के पाउच उपलब्ध कराए जाएंगे. रींगस रोड और मण्डा रोड से लेकर पूरे मेला क्षेत्र तक 15 पानी के टैंकर तैनात रहेंगे ताकि किसी भी स्थान पर पेयजल की कमी न हो.

सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान

स्वच्छता के लिए 10 ऑटो टिपर लगाए गए हैं. 300 सफाई कर्मचारी दिन में और 150 कर्मचारी रात में ड्यूटी करेंगे. कचरा उठाने के लिए 20 ट्रैक्टर दिन में और 10 ट्रैक्टर रात में तैनात रहेंगे.

Advertisement

वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 300 मोबाइल टॉयलेट और 200 स्थायी पत्थर के टॉयलेट लगाए गए हैं. पूरे मेला क्षेत्र सहित रींगस और मण्डा रोड पर पानी टॉयलेट और रोशनी की व्यापक व्यवस्था की जा रही है. 40 अस्थायी विद्युत कनेक्शन और 30 जनरेटर लगाए जाएंगे.

भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष प्लान

चारण मेला मैदान और लखदातार मेला ग्राउंड से 40 फीट चौड़ा मार्ग बनाया गया है. रींगस रोड के पास 40 बीघा जमीन पर बैरिकेडिंग कर तीन ब्लॉक बनाए जाएंगे. आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को यहां रोका जाएगा. दर्शन के लिए लगभग 15 किलोमीटर के जिक जैक मार्ग से होकर गुजरना होगा जबकि रिंगस से पदयात्रा करने वालों के लिए यह दूरी 31 किलोमीटर तक होगी. सांवलपुरा रोड और साहपुर तिराहे पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. यातायात सुचारू रखने के लिए 5 छोटी और 5 बड़ी क्रेन तैनात रहेंगी.

Advertisement

1000 होमगार्ड और 400 सीसीटीवी से सुरक्षा

मेला अवधि में कमेटी पुलिस को 1000 सुरक्षाकर्मी होमगार्ड उपलब्ध कराएगी. पूरे क्षेत्र में 400 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. मंदिर परिसर में अलग से 100 कैमरे और 300 होमगार्ड तैनात रहेंगे. पुलिस कर्मियों के लिए डोम बनाकर आवास और भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है.

स्वास्थ्य और सहायता केंद्र

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 10 मेडिकल कैंप दवाइयों सहित तैयार रहेंगे. 10 एम्बुलेंस तैनात रहेंगी. 5 स्थानों पर पूछताछ केंद्र और एक मीडिया सेंटर भी स्थापित किया जाएगा.

Advertisement

प्रशासन और मंदिर कमेटी के समन्वय से इस वर्ष भी मेले को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि देशभर से आने वाले श्याम भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

यह भी पढ़ें- Rajasthan: फोन के सिम स्लॉट ने उगले कातिल पत्नी की खौफनाक प्लानिंग, जानिए कैसे खुला डेथ मिस्ट्री का सस्पेंस