विज्ञापन

बालोतरा में भीषण सड़क हादसा, स्लीपर बस–ट्रेलर टक्कर में 6 की मौत; कई लोग घायल 

राजस्थान के बालोतरा जिले में नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया. स्लीपर बस और ट्रेलर की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई जबकि कई यात्री गंभीर घायल हैं.

बालोतरा में भीषण सड़क हादसा, स्लीपर बस–ट्रेलर टक्कर में 6 की मौत; कई लोग घायल 
राजस्थान के बालोतरा में भीषण सड़क हादसा हो गया.

Rajasthan News: राजस्थान के बालोतरा जिले के सरवड़ी गांव के पास नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां तेज रफ्तार स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का ड्राइवर साइड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.

घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल

घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को जोधपुर लाया गया जहां मथुरादास माथुर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है.

एक की हालत गंभीर

अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर विकास राजपुरोहित ने बताया कि घायलों में से एक व्यक्ति की हालत काफी गंभीर बनी हुई है. अन्य पांच घायलों का भी इलाज शुरू कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि अभी एक से दो और घायलों के आने की संभावना है. अस्पताल में सभी सीनियर डॉक्टर मौजूद हैं और पूरी तैयारी की गई है.

प्रशासन अलर्ट मोड पर

जोधपुर में एसीपी छवि शर्मा ने बताया कि बालोतरा जिले के कल्याणपुर के पास हुई दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सतर्क हो गया. अस्पताल में तुरंत व्यवस्था की गई ताकि घायलों को समय पर इलाज मिल सके.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. ट्रेलर चालक से पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हाईवे पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें.

यह भी पढ़ें- Rajasthan: राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन का विवाद, ट्रस्ट में बदलने पर टीकाराम जूली ने जताई आपत्ति

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close