बालोतरा जिले के पचपदरा में लूट और मारपीट की घटना के बाद ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे जाम कर दिया है. हाल में हुई जानियाना गांव की घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है. दरअसल, सोमवार (21 जून) सुबह सुखदेव चोधरी पत्नी और बेटे के साथ रेलवे स्टेशन जा रहे थे. तभी गांव के ही युवकों ने उनके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़े. इसके बाद गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए. जैसे ही खबर गांव में फैली, ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया.
हाईवे पर डाले पत्थर, ट्रैफिक जाम
आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में हाईवे पर पहुंच गए. सड़क पर झाड़ियां और पत्थर डालकर यातायात बाधित किया गया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. करीब आधे घंटे तक हाईवे के दोनों तरफ जाम लग गया. वाहनों की लंबी कतारें लगने पूरी यातायात-व्यवस्था प्रभावित हो गई.
पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया
घटना की सूचना मिलने पर पचपदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनसे समझाइश की. मामले में तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है.
अलग-अलग इलाकों में दबिश दे रही पुलिस
बातचीत सफल होने के बाद ग्रामीणों ने जाम खत्म कर दिया है, जिसके बाद ट्रैफिक व्यवस्था भी फिर से बहाल हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है.
यह भी पढ़ेंः "रात 3 बजे तक मैसेज करती रहती थी", जैश-ए-मोहम्मद की स्लीपर सेल सदस्य बबीता की मां ने कहा