विज्ञापन

ट्रेन में बारातियों को सीट नहीं मिली तो दूल्हे ने निकाली तलवार! मारवाड़ जंक्शन पर देर रात हाई-वॉल्टेज ड्रामा

ट्रेन के जनरल डिब्बे में सीट को लेकर बाराती और अन्य यात्री बुरी तरह भिड़ गए. जब चलती ट्रेन में हंगामा बरपा तो अन्य यात्रियों ने ट्रेन खींच दी. रात करीब 2:30 बजे रेलवे प्रशासन को भी सूचना दी गई.

ट्रेन में बारातियों को सीट नहीं मिली तो दूल्हे ने निकाली तलवार! मारवाड़ जंक्शन पर देर रात हाई-वॉल्टेज ड्रामा
बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस में हंगामा.

बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस में हंगामे का मामला सामने आया है. यात्रियों के बीच सीट को लेकर विवाद ऐसा बढ़ा कि ट्रेन में सवार एक यात्री ने तलवार लहरा दी. गुरुवार (18 जून) रात जनरल कोच में काफी देर तक हंगामा मचा. सूर्यनगरी एक्सप्रेस (12480) में विवाद की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया. घटना गुरुवार मध्यरात्रि 2:30 बजे का बताया जा रही है. शिकायत मिली कि यात्री पर तलवार से हमला करने की कोशिश गई. जब विवाद ने तूल पकड़ा तो यात्रियों ने चेन खींच दी. 

जोधपुर में थी शादी, बीच रास्ते में उलझे बाराती

जानकारी के अनुसार, जनरल डिब्बे में एक दूल्हा और उसके साथ बाराती भी सवार थे. दूल्हे की बारात जोधपुर जा रही थी. तभी बारात के कुछ लोग सीट को लेकर अन्य यात्रियों से उलझ गए. एक अन्य यात्री ने रेलवे अधिकारियों को तलवार लहराने की सूचना दी. फालना रेलवे स्टेशन से सूचना मिलने पर मारवाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ टीम को सतर्क किया गया. ट्रेन के मारवाड़ जंक्शन पहुंचते ही आरपीएफ जवान कोच में पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की.

RPF की समझाइश के बाद ट्रेन रवाना

आरपीएफ ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया और उन्हें ट्रेन के अलग-अलग डिब्बों में शिफ्ट कर दिया. अधिकारियों ने दूल्हे के पास मौजूद तलवार की भी जांच की. घटना के संबंध में न तो कोई मामला दर्ज किया गया है और न ही किसी व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. समझाइश के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया.

धारदार नहीं, सजावटी तलवार थी

आरपीएफ के सीआई मनिहारी लाल ने बताया कि तलवार लहराने जैसी कोई घटना नहीं हुई है. बाराती जनरल कोच मे चढ़ गए थे और सीट को लेकर विवाद हो गया. दूल्हे के पास तलवार मौजूद थी. जब जांच की तो पता चला कि वो धारदार नहीं, बल्कि सजावटी किस्म थी. समझाइश कर शांत किया और ट्रेन को रवाना किया.

यह भी पढ़ेंः कमलेश प्रजापति एनकाउंटर मामले में IPS आनंद शर्मा को राहत, ट्रायल कोर्ट का आदेश रद्द

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close