जयपुर में शनिवार को भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत हो गई है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एचसीएम राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (एचसीएम रीपा) में आयोजित समारोह में भारत टैक्सी का शुभारंभ किया है. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भारत टैक्सी के कैब, बाइक और ऑटो के समूह को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत टैक्सी सहकारिता के उत्कृष्ट मॉडल के रूप में उभरकर परिवहन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, पारदर्शिता और रोजगार सृजन को नई दिशा देगा.
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल केवल परिवहन सेवा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे जुड़े वाहन चालकों और सारथियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता की भावना के साथ शुरू की गई भारत टैक्सी सेवा से परिवहन क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को एक संगठित मंच मिलेगा.
भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत टैक्सी में सारथी केवल चालक नहीं, बल्कि संस्था का सह-स्वामी है. भारत टैक्सी का मॉडल आम नागरिक को केवल रोजगार नहीं देता, बल्कि स्वामित्व और सम्मान भी प्रदान करता है. इसमें होने वाली कमाई का बड़ा हिस्सा सारथियों के पास रहेगा और संस्था की प्रगति में उनकी सीधी हिस्सेदारी होगी. उन्होंने कहा कि इस पहल के साथ 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर भी दिया गया है, जिससे सारथियों की मेहनत का सम्मान, उनके अधिकारों की सुरक्षा और भविष्य की संरक्षा सुनिश्चित होगी.
आज हरिश्चंद्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान में 'भारत टैक्सी' योजना का भव्य शुभारम्भ किया।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) July 25, 2026
यह अभिनव पहल हमारे प्रदेश के युवाओं के लिए स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी सृजित करेगी। इस योजना से जुड़े सारथी सिर्फ कर्मचारी नहीं बल्कि इसके मालिक होंगे।
आदरणीय… pic.twitter.com/KoncLNgCDj
भारत टैक्सी केवल एक डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि टैक्सी चालकों के स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण का प्रतीक है. इससे सेवा प्रदाताओं और यात्रियों के बीच भरोसा बढ़ेगा और परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता को मजबूती मिलेगी. भारत टैक्सी के माध्यम से कैब, बाइक और ऑटो सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. सीएम भजनलाल ने कहा कि राजस्थान की पर्यटन क्षमता भारत टैक्सी के लिए विशेष अवसर देती है. जयपुर में भारत टैक्सी से अब तक 30,000 से अधिक सारथी और लगभग 7 लाख ग्राहक जुड़ चुके हैं और प्रतिदिन हजारों यात्राएं पूरी की जा रही हैं.
यह भी पढे़ं-
5 साल में 17 पेपर लीक, 34 अभ्यर्थियों ने गंवाई जान... कांग्रेस को उनके ही जाल में भाजपा ने उलझाया
पुलिस थाने में CLG सदस्य कौन होते हैं, क्या काम होता है? राजस्थान सरकार के एक फैसले ने छेड़ दी बहस