विज्ञापन

'एक ही छत के नीचे महिलाओं के लिए लोन से लेकर ई-कॉमर्स तक हर सुविधा', अलका गुर्जर ने राज्यसभा में उठाई ये मांग

बीजेपी सांसद अलका गुर्जर ने राज्यसभा में महिला सशक्तिकरण का मुद्दा उठाया. उन्होंने राष्ट्रीय कार्यक्रम शुरू करने की मांग उठाते हुए कहा कि महिलाओं के लिए एकल महिला सरकारी सेवा काउंटर शुरू किया जाए.

'एक ही छत के नीचे महिलाओं के लिए लोन से लेकर ई-कॉमर्स तक हर सुविधा', अलका गुर्जर ने राज्यसभा में उठाई ये मांग
राज्यसभा में बीजेपी सांसद अलका गुर्जर ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मुद्दा उठाया.

राज्यसभा में बीजेपी सांसद अलका गुर्जर ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के मुद्दे पर राय रखी. उन्होंने एकीकृत महिला सुविधा केंद्र की स्थापना पर बोलते हुए महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में अपने सुझाव भी दिए. उन्होंने कहा कि आज देश की करोड़ों महिलाएं खुद सहायता समूहों, लघु उद्योगों, हस्तशिल्प, वस्त्र निर्माण और अन्य छोटे उद्यमों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं. सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित होने के बावजूद महिलाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रशिक्षण के बाद वित्त, सरकारी प्रक्रियाओं और बाजार तक पहुंच की है.

क्या है Women Business Growth Hub?

अलका गुर्जर ने कहा कि हर जिले में 'महिला सुविधा एवं उद्यमिता केंद्र यानी Women Business Growth Hub' स्थापित किया जाए. यहां महिलाओं को ऋण, जीएसटी, कानूनी सलाह, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स और बाजार से जोड़ने की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध हो.

उन्होंने मांग करते हुए कहा कि इन केंद्रों में 'एकल महिला सरकारी सेवा काउंटर' बनाया जाए. जहां महिलाओं को राशन कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, पेंशन, विभिन्न सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति और अन्य आवश्यक सरकारी सेवाओं के आवेदन की सुविधा एक ही स्थान पर मिले. 

ग्रामीण-दूरदराज क्षेत्रों की महिलाओं को मिलेगी राहत

बीजेपी सांसद ने कहा कि इससे विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की महिलाओं को बार-बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी. महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की सरकारी खरीद के लिए विशेष लक्ष्य और प्रोत्साहन निर्धारित किए जाएं.

नेशनल प्रोग्राम शुरू करने की मांग

उन्होंने मांग की है कि 'कौशल से बाजार तक' राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रारंभ किया जाए, जिसमें केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि उत्पाद की गुणवत्ता, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, प्रमाणन और बाजार से जोड़ने की पूरी व्यवस्था हो. अलका गुर्जर के मुताबिक, अगर महिलाओं को कौशल, पूंजी, सरकारी सुविधा और बाजार, चारों का एक साथ सहयोग मिले तो वे केवल रोजगार पाने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली शक्ति बन सकती हैं.

यह भी पढ़ेंः एसआई भर्ती परीक्षा का आरोपी राजमोहन गिरफ्तार, करीब 17 महीने से काट रहा था फरारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close