विज्ञापन
This Article is From Mar 02, 2026

Rajasthan: तालाब किनारे रहस्यमय तरीके से मिले 3 मासूमों के शव, मां लापता; बीती रात खुद वायरल किया था वीडियो

गंगापुर सिटी में तीन छोटे बच्चों के शव मिलने से एक दिन पहले ही उनकी मां ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर कुछ आरोप लगाए थे.

Rajasthan: तालाब किनारे रहस्यमय तरीके से मिले 3 मासूमों के शव, मां लापता; बीती रात खुद वायरल किया था वीडियो
तीनों बच्चों में दो लड़कियां 5 और 3 साल की और लड़का डेढ़ साल का था
NDTV

राजस्थान के गंगापुर सिटी से एक बड़ा ही मार्मिक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. वहां के नजदीकी उपखंड वजीरपुर के गांव मीणा बड़ौदा में तीन मासूम बच्चों की लाशें एक तालाब किनारे रहस्यमय तरीके से पड़ी मिली हैं. इन बच्चों की मां गायब है. मां ने एक दिन पहले ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था जो वायरल हो गया था. पुलिस ने बच्चों के शव को बरामद कर जांच शुरू कर दी है.

शुरुआती जानकारी के अनुसार तीनों बच्चों की मां का नाम संगीता मीणा है. उसका पीहर आलमपुर जिला करौली में है और उसकी ससुराल वजीरपुर के मीणा बड़ौदा गांव में है. महिला के परिजनों ने अपनी बेटी और उसके बच्चों के बारे में मीडिया को जानकारी दी. उन्होंने बताया कि उनके परिवार की बेटी संगीता गायब है और उसके तीनों मासूम बच्चों के शव गांव में ही तालाब के किनारे पड़े हुए हैं. 

पुलिस की टीम बच्चों के शवों को लेकर अस्पताल लाई

पुलिस की टीम बच्चों के शवों को लेकर अस्पताल लाई
Photo Credit: NDTV

पुलिस कर रही है मां की तलाश

मीडिया को मिली जानकारी के बाद वजीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों बच्चों के शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरपुर लेकर आई. लेकिन, महिला के लापता होने का रहस्य अब तक बना हुआ है और पुलिस 27 वर्षीया संगीता की तलाश कर रही है.

इस रहस्यमय घटना में चौंकाने वाली सबसे बड़ी बात यह है कि अस्पताल में तीनों मासूम बच्चों के शव  रखे हैं, लेकिन ना तो बच्चों का पिता और ना ही ससुराल पक्ष का कोई भी व्यक्ति अस्पताल में मौजूद है. संगीता के परिजनों का कहना था कि संगीता की शादी लगभग 7 साल पहले मीना बड़ौदा में प्रवीण मीणा से हुई थी. उन्होंने आरोप लगाया है कि तभी से ससुराल वाले उसे प्रताड़ित कर रहे थे और आए दिन  मारपीट कर रहे थे.

मां का पोस्ट किया गया वीडियो वायरल हो गया था

मां का पोस्ट किया गया वीडियो वायरल हो गया था

मां ने वायरल किया था वीडियो

उन्होंने बताया कि कल, रविवार, 1 मार्च की शाम को भी संगीता ने अपना एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था. इसमें उसने कुछ लोगों के नाम लिए थे और उन पर मारपीट करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था.

फिलहाल वजीरपुर पुलिस महिला की तलाश करने में जुटी है ,जबकि तीनों बच्चों के शव  वजीरपुर अस्पताल में रखे हुए हैं. मृत बच्चों में दो लड़कियां और एक लड़का है. बेटियों की उम्र 5 साल (नाम- दिव्या) और 3 साल (नाम- भारती) है जबकि बेटा दीपक डेढ़ साल का है.

ये भी पढ़ें-: Viral Video: बंदर ने बकरी के बच्चे को सीने से लगाया, ऊंची डाल पर घंटों तक 'मेमने' को रहा दुलारता; वीडियो वायरल

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com