Sri Ganganagar News: श्रीगंगानगर के रावला क्षेत्र में हुए आशीष हत्याकांड में पुलिस ने तीनों आरोपियों को घड़साना कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर ली है. पुलिस मुख्य आरोपी संजय, उसके सहयोगी रोहित और बादल को कोर्ट में पेश करने जा रही है. NDTV के कैमरे पर पहली बार मुख्य आरोपी संजय ने यह स्वीकार किया कि उसी ने आशीष की हत्या की है. हालांकि हत्या के पीछे की वजह को लेकर उसने चुप्पी साध ली. NDTV के बार- बार सवाल पूछे जाने के बावजूद संजय ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया.
पुलिस पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई अहम सवाल अब भी अनसुलझे बने हुए हैं. जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ में आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं.
इस मामले में पहले ही आरोपी अंजलि को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. पुलिस ने इस केस में संजय उर्फ संजू उम्र 25 वर्ष निवासी श्रीगंगानगर, रोहित उर्फ रॉकी उम्र 20 वर्ष निवासी सादुलशहर, बादल उर्फ सिद्धार्थ उम्र 20 वर्ष निवासी श्रीगंगानगर और मृतक की पत्नी अजू उर्फ अंजली उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार किया है.
क्या था पूरा ममला ?
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में सामने आया यह मामला शुरुआत में एक दर्दनाक सड़क हादसा माना गया था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर यह एक सुनियोजित हत्या निकला. 30 जनवरी की रात रावला थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय आशीष का शव सुनसान सड़क पर मिला था. उसकी पत्नी अंजू ने इसे हिट एंड रन बताते हुए लूट की कहानी सुनाई थी, जिसे प्रारंभिक तौर पर सच मान लिया गया था.
कॉल रिकॉर्ड, एफएसएल रिपोर्ट में हुआ था खुलासा
हालांकि पुलिस की तकनीकी जांच और मेडिकल रिपोर्ट ने इस दावे को झूठा साबित कर दिया था. पोस्टमार्टम में स्पष्ट हुआ था कि आशीष की मौत एक्सीडेंट से नहीं, बल्कि मारपीट और गला घोंटने से हुई थी. जांच में यह भी सामने आया था कि शादी के महज तीन महीने बाद अंजू अपने पुराने प्रेमी संजू के लगातार संपर्क में थी. साजिश के तहत आशीष को सुनसान सड़क पर ले जाकर उसकी हत्या की गई थी और लूट का नाटक रचा गया था. कॉल रिकॉर्ड, एफएसएल रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अंजू, उसके प्रेमी संजू और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर इस ‘हनीमून मर्डर' का खुलासा किया था.
यह भी पढ़ें- Live: विधायक निधि घोटाले मामले में बलजीत यादव की पेशी, बोले- मेरे खाते में पैसा नहीं आया, फिर फंसाया जा रहा