विज्ञापन

प्रोटीन का खजाना है चना, सही तरीके से खाएंगे तो मिलेंगे जबरदस्त फायदे

प्रोटीन से भरपूर चना भारतीय रसोई का सस्ता और पौष्टिक सुपरफूड माना जाता है. भुना हुआ चना, भीगा और उबला चना या सत्तू अलग-अलग तरीके से शरीर को फायदा पहुंचाते हैं. सही समय और मात्रा में सेवन करने से सेहत को कई लाभ मिलते हैं.

प्रोटीन का खजाना है चना, सही तरीके से खाएंगे तो मिलेंगे जबरदस्त फायदे
प्रतीकात्मक तस्वीर.

Health News: स्वस्थ शरीर के लिए प्रोटीन बेहद जरूरी होता है क्योंकि यह शरीर की कोशिकाओं को मजबूत बनाने और ऊर्जा देने में मदद करता है. महंगे सप्लीमेंट लेने की बजाय रसोई में मौजूद चना एक बेहतर और सस्ता विकल्प माना जाता है. चना प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है जो शरीर को ताकत और ऊर्जा प्रदान करते हैं. आयुर्वेद में भी चने को बेहद गुणकारी आहार माना गया है.

भुना हुआ चना वजन नियंत्रित करने में मददगार

भुना हुआ चना सेहत के लिए काफी लाभकारी माना जाता है. इसमें कैलोरी कम और फाइबर अधिक होता है इसलिए यह वजन को नियंत्रित करने में मदद करता है. इसके नियमित सेवन से कोलेस्ट्रॉल, डायबिटीज और हृदय से जुड़ी समस्याओं के खतरे को कम करने में भी मदद मिलती है. विशेषज्ञों के अनुसार भुने हुए चने का सेवन सुबह या दोपहर के समय करना अधिक लाभकारी माना जाता है.

भीगा और उबला चना देता है भरपूर ऊर्जा

काला चना रात में भिगोकर सुबह उबालकर खाने से शरीर को पर्याप्त ऊर्जा मिलती है. यह खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो जिम या शारीरिक मेहनत करते हैं. इससे शरीर की ताकत बढ़ती है और वजन बढ़ाने में भी मदद मिलती है. अगर उबले चने को हल्के देसी घी के साथ छौंक लगाकर बनाया जाए तो यह पाचन के लिए और भी बेहतर हो जाता है और वात दोष को कम करने में मदद करता है. इसे नाश्ते या शाम की हल्की भूख में खाया जा सकता है.

सत्तू देता है ठंडक और ताकत

चने से बना सत्तू गर्मियों में बेहद फायदेमंद माना जाता है. यह शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ प्रोटीन का अच्छा स्रोत भी है. सत्तू का सेवन करने से थकान कम होती है और आंखों से जुड़ी परेशानियों में भी राहत मिल सकती है. गर्मियों में चने को भुने, भीगे या सत्तू के रूप में लिया जा सकता है.

सेवन करते समय रखें सावधानी

हालांकि चना सेहत के लिए बेहद लाभकारी है लेकिन इसका सेवन सही मात्रा में करना जरूरी है. जिन लोगों में वात दोष अधिक होता है उन्हें चने का सेवन करते समय थोड़ी सावधानी बरतनी चाहिए ताकि पाचन से जुड़ी समस्या न हो.

यह भी पढ़ें- राजस्थान में जनजातीय विकास को नई रफ्तार, CM भजनलाल ने बेणेश्वर धाम से किया 1902 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close