Rajasthan: चित्तौड़गढ़ में केमिकल धमाके से उड़ी फैक्ट्री की छत, 5 किमी दूर तक सुनी गई आवाज

Rajasthan News: चित्तौड़गढ़ के कपासन कस्बे में एक पेंट बनाने वाली फैक्ट्री के केमिकल टैंक में जोरदार धमाका हुआ. इसकी आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
कैमिकल फैक्ट्री में लगी आग
NDTV

Chittorgarh News: चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन कस्बे में कल देर रात यानी सोमवार को एक फैक्ट्री में आग लग गई. यह घटना रीको इंडस्ट्रियल एरिया में हुई, जहां कल रात एक पेंट बनाने वाली फैक्ट्री के केमिकल टैंक में जोरदार धमाका होने से अफरा-तफरी मच गई. धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. साथ ही, फैक्ट्री की छत पर लगा टिन शेड उड़ गया और आसमान में आग की ऊंची-ऊंची लपटें दिखाई दीं.

केमिकल टैंक में अचानक हुआ ब्लास्ट

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार देर रात की है, जब कपासन इंडस्ट्रियल एरिया में मेहरून नाम की कलर फैक्ट्री के केमिकल टैंक में अचानक ब्लास्ट हुआ. देखते ही देखते फैक्ट्री में भीषण आग लग गई और आसमान में धुएं का गुबार उठने लगा. ये धमाका इतना तेज था कि आस-पास के लोग डर गए. घटना की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई.

 फैक्ट्री में मौजूद था भारी मात्रा में कैमिकल

घटना की सूचना मिलते ही विधायक अर्जुन लाल जीनगर, कलेक्टर आलोक रंजन और पुलिस अधीक्षक दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए नगर पालिका समेत आसपास के क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां बुलाईं. चूंकि फैक्ट्री में भारी मात्रा में केमिकल था, इसलिए आग पर काबू पाने में काफी चुनौतियां आईं. मौके पर मौजूद दमकल कर्मियों के अनुसार, मुख्य ब्लास्ट के बाद भी रह-रहकर छोटे धमाके होते रहे. आखिरकार, पुलिस और फायर ब्रिगेड की घंटों की संयुक्त मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी.

कोई जनहानि नहीं हुई

मामले की जानकारी देते हुए जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने बताया कि देर रात कपासन औद्योगिक क्षेत्र स्थित केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट की सूचना मिली थी. प्रशासन अब धमाके के कारण आसपास के इलाकों में हुए नुकसान का आकलन कर रहा है. राहत की बात यह है कि शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है. दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है.

Advertisement

 फैक्ट्री का ढांचा और मशीनरी पूरी तरह तबाह

 राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. हालांकि, विस्फोट इतना जबरदस्त था कि फैक्ट्री का ढांचा और मशीनरी पूरी तरह तबाह हो गई, जिससे मालिक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है. फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की टीमें  विस्फोट के असली कारणों की बारीकी से पड़ताल करने में जुटी हुई है.

यह भी पढ़ें: Rajasthan Weather: राजस्थान में विदा हो रही सर्दी, बाड़मेर में पारा 31 पार, जानें अगले सात दिन कैसा रहेगा मौसम