ट्रक में कचरे की आड़ में अफीम हो रहा था सप्लाई, चूरू पुलिस ने किया भंडाफोड़

दो तस्कर बालोतरा से ट्रक लेकर पंजाब के लिए रवाना हुए. पंजाब पहुंचने के बाद आरोपियों को सप्लाई देने वाले से संपर्क कर लोकेशन और रिसीवर का नाम दिया जाना था.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
तस्वीरः पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय

चूरू के सादुलपुर में कचरे की आड़ में अफीम तस्करी का भंडोफोड़ हुआ है. तस्करों ने जालोर से ट्रक को रवाना करते वक्त इसमें स्क्रैप भरा और फिर जोधपुर से अफीम ली. पूछताछ में सामने आया है कि ट्रक पंजाब की ओर जा रहा था. स्क्रैप से भरे इस ट्रक के केबिन से 1 करोड़ की अफीम जब्त की गई है. साथ ही दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपी बालोतरा निवासी मेहराराम और मिश्राराम को गिरफ्तार किया है.  

12 किलो से ज्यादा अफीम बरामद 

जिले की सिद्धमुख पुलिस ने भादरा बाइपास पर नाकाबंदी के दौरान ट्रक को जब्त किया. थानाधिकारी इमरान खान ने बताया कि कस्बे के भादरा बाइपास पर नियमित नाकाबंदी की जा रही थी. इसी दौरान राजगढ़ की ओर से आ रहे एक ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली गई. जांच के दौरान ट्रक के केबिन में छिपाकर रखी गई 12 किलो 890 ग्राम अफीम बरामद हुई. 

अज्ञात व्यक्ति ने नीमच से मंगवाई थी अफीम

सहायक पुलिस अधीक्षक अभिजीत पाटिल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. आरोपी मिश्राराम ने बताया कि वह जालोर से ट्रक में स्क्रैप भरकर बालोतरा आया था. वहीं, मेहराराम जोधपुर से अफीम लेकर बालोतरा पहुंचा. किसी अज्ञात व्यक्ति ने नीमच से अफीम मंगवाकर जोधपुर में उपलब्ध कराई थी, जिसे पंजाब में सप्लाई किया जाना था.

योजना के अनुसार, पंजाब पहुंचने के बाद आरोपियों को सप्लाई देने वाले से संपर्क कर लोकेशन और रिसीवर का नाम मिलना था. दोनों आरोपी बालोतरा से ट्रक लेकर पंजाब के लिए रवाना हुए. पंजाब पहुंचने से पहले ही सिद्धमुख पुलिस की सतर्कता के चलते गिरफ्तार कर लिए गए.

Advertisement

प्रति किलो 10 हजार रुपए तय थे

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें 1 किलो अफीम की सप्लाई पर 10 हजार रुपए मिलने थे. उन्हें कुल 6 किलो अफीम होने की जानकारी दी गई थी, लेकिन छह पैकेटों में 2 किलो 200 ग्राम के हिसाब से कुल 12 किलो 890 ग्राम अफीम निकली. पंजाब में सप्लाई देने पर आरोपियों को करीब 1.30 लाख रुपए मिलने थे.

यह भी पढ़ेंः 'लिंग जांच का मतलब अबॉर्शन की साजिश नहीं', HC ने निचली अदालत को फटकारा, डॉक्टर को दी आंशिक राहत

Advertisement