खैरथल-तिजारा जिले की भिवाड़ी नगर परिषद में कांग्रेस ने अपने 28 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसमें कई नए उम्मीदवारों को मौका दिया गया है. भिवाड़ी नगर परिषद के कुल 60 वार्ड में से 28 उम्मीदवार ही कांग्रेस ने फाइनल किए हैं. अभी 32 के टिकट घोषित करना बाकी है. खैरथल तिजारा जिले से कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलराम यादव ने बताया कि अभी 32 वार्डों की टिकट जारी करना बाकी है.
मजबूत उम्मीदवारों को मिला टिकट
संभावना है कि रविवार को शेष टिकट जारी कर देंगे. भिवाड़ी में पर्यवेक्षक, शहर अध्यक्ष, विधानसभा के प्रत्याशियों ने टिकट घोषित किए हैं. भिवाड़ी में घोषित किए टिकट आपसी रायशुमारी और मजबूत दावेदारों को देखते हुए तय किए गए हैं. निजी होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में नगर परिषद कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. गौरव भारद्वाज, पूर्व तिजारा विधायक संदीप यादव, इमरान खान सहित चुनाव प्रभारी मौजूद रहे. कांग्रेस ने सूची में बड़ी संख्या में युवा चेहरों पर भरोसा जताया है.

"कांग्रेस का परचम लहराएगा"
प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही कांग्रेस ने भाजपा के सामने सीधी चुनौती पेश कर दी है. पूर्व तिजारा विधायक संदीप यादव ने कहा कि इस बार भाजपा चमत्कार देखेगी. कांग्रेस भाजपा को परास्त करते हुए भिवाड़ी में अपना बोर्ड स्थापित करेगी और कांग्रेस का परचम लहराएगा. उन्होंने भाजपा विधायक बाबा बालकनाथ से पिछले तीन वर्षों के कार्यों का हिसाब भी मांगा.
बाड़मेर में 40 वार्डों के प्रत्याशियों की सूची जारी
नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस ने बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों में से 40 की सूची जारी कर दी है. ये सूची बाड़मेर के प्रभारी मोहन लाल डागर ने जारी की है. ऐसा लग रहा था कि बाड़मेर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सूची जारी करेंगे, लेकिन उन्होंने जारी नहीं की है.