मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं, जहां वे यमुना जल परियोजना की क्रियान्विति से जुड़ी महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक में भाग लेंगे. बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्र सरकार, राजस्थान जल संसाधन विभाग और हरियाणा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे.
बैठक का मुख्य उद्देश्य यमुना जल परियोजना से जुड़े एमओए (मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट) को अंतिम रूप देना, और उससे संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्णायक चर्चा करना है.
जल्द मिलेगा यमुना का पानी
राजस्थान सरकार के अनुसार, केंद्र और हरियाणा सरकार के सहयोग से परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे शेखावाटी क्षेत्र को जल्द पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके. इस परियोजना से क्षेत्र के किसानों को भी सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलने की उम्मीद है.
डीपीआर केंद्रीय जल आयोग को दिया
सरकार ने बताया कि यमुना जल समझौते के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए संयुक्त डीपीआर तैयार कर केंद्रीय जल आयोग के साथ साझा की जा चुकी है. अब एमओए को अंतिम रूप देने के बाद परियोजना के क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: पांचना बांध विवाद को लेकर जारी हुआ पुलिस अलर्ट, 10 वरिष्ठ अधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी