CM Bhajan Lal Sharma: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जन सुनवाई में लोगों से खुद मिलते हैं और उनके समस्याओं का निवारण करते हैं. लेकिन सोमवार (2 फरवरी) को जन सुनवाई के दौरान सीएम भजनलाल शर्मा के सख्त तेवर दिखने के बाद काफी चर्चा हो रही है. मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री लापरवाह अधिकारियों पर नाराज़ नजर आए और कई मामलों में कड़ी फटकार लगाई.
लापरवाही पर जिम्मेदारी तय की जाए
जनसुनवाई में सामने आई शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सीधे सवाल किए और कहा कि जिन कामों में देरी हुई है उसकी जिम्मेदारी तय की जाए. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यह काम आज ही होना चाहिए और दोबारा वही शिकायत उनके पास नहीं आनी चाहिए. मुख्यमंत्री ने अफसरों से पूछा कि काम का जिम्मेदार कौन है और अब तक समाधान क्यों नहीं हुआ.
मुख्यमंत्री ने लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और कई शिकायतों पर तत्काल रिपोर्ट तलब की. उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को बार बार दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें यह प्रशासन की जिम्मेदारी है.
अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए.
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री का गुस्सा तब और साफ नजर आया जब कुछ मामलों में अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के हितों पर है और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
मुख्यमंत्री की नाराज़गी और सख्त तेवरों वाला वीडियो जनसुनवाई के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
यह भी पढ़ेंः मोरपाल सुमन पर होगा एक्शन? भाजपा में भीतरघात के आरोप पर 3 दिन में जवाब तलब
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में मंत्री और विधायक के बीच असली बाप और DNA टेस्ट तक बात पहुंची, जानें पूरा मामला