विज्ञापन

गहरी नींद में थे यात्री, तभी ट्रेलर से टकराई बस...दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर जिंदा जले यात्री, 8 की मौत

दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक प्राइवेट बस ट्रेलर से टकराने के बाद खाई में जा गिरी. इस हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य घायल हो गए.

गहरी नींद में थे यात्री, तभी ट्रेलर से टकराई बस...दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर जिंदा जले यात्री, 8 की मौत
खाई में गिरने के बाद बस में लगी आग (Photo- NDTV)

राजस्थान के दौसा जिले से सड़क हादसे की एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. बुधवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक प्राइवेट बस ट्रेलर से टकराने के बाद सड़क किनारे खाई में जा गिरी. इस हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य के घायल होने की खबर है. पुलिस ने आशंका जताई है कि बस चालक को झपकी आने के कारण ये बड़ा हादसा हुआ है.

यह घटना एक्सप्रेस-वे पर कोलवा थाना क्षेत्र स्थित रेस्ट एरिया के पास तड़के करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की है. खाई में बस के गिरते ही पिछले हिस्से में आग लग गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना स्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, अधिकांश यात्री उस समय गहरी नींद में थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की ऊपरी बर्थ पर सो रहे यात्री नीचे गिर पड़े और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे की सूचना मिलते ही कोलवा थाना पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया. हालांकि अधिकांश यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

Latest and Breaking News on NDTV

हादसे के बाद जलती बस. Photo Credit: NDTV

6 यात्रियों की आग में झुलसने से मौत

घटना के बाद कई गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया. घायलों में महिला और बच्चों की संख्या भी अधिक बताई जा रही है. घटना के दौरान 6 यात्रियों की मौत आग में झुलसने के कारण हुई है, जबकि 2 यात्रियों की सिर में चोट लगने से मौत की खबर है. 

बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू और फायर ब्रिगेड के पहुंचने में देरी का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट भरे थे, जिससे आग तेजी से फैल गई. 

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने जयाता दुख

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने हादसे की पूरी जानकारी ली. सीएम ने मृतकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं. उन्होंने घायलों के तुरंत उपचार के लिए निर्देश दिए हैं.

मौके पर पहुंचे अधिकारी

घटना की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार, पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय शर्मा, उपखंड अधिकारी संजू मीणा तथा तहसीलदार गजानन मीणा जिला अस्पताल पहुंचे और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया. अधिकारियों ने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए.

कांग्रेस सांसद मुरारी लाल मीणा ने जताया दुख

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे पर कांग्रेस सांसद मुरारी लाल मीणा ने कहा, "एक दुखद घटना हुई है; सुबह करीब 3:00 बजे हादसे के बाद एक बस में आग लग गई. अब तक पूरी तरह से जल चुके आठ शव बरामद किए गए हैं और 11 लोगों को यहां भर्ती कराया गया है."

अशोक गहलोत ने घटना पर जताया दुख

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने घटना पर दुख जताते हुए लिखा, "दौसा जिले में दिल्ली - मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु होने का समाचार बेहद दुखद है। इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं"

ये भी पढ़ें-  पांचना बांध का 20 साल पुराना विवाद सुलझा, 7 दिन में छोड़ा जाएगा नहरों में पानी; लिफ्ट के लिए 50 करोड़ मंजूर

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close